फतेहपुर: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का दावा- 2027 में जीतेंगे 325 सीटें, विपक्ष को बताया ‘धोखेबाज’

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को फतेहपुर जिले के दौरे पर रहे. यहाँ उन्होंने केंद्र सरकार के बजट 2026-27 को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. डिप्टी सीएम ने बजट को ‘ऐतिहासिक’ और ‘राष्ट्रहित’ में बताते हुए कहा कि यह देश के नौजवानों और विकास को नई गति देने वाला बजट है.
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस के शासनकाल की याद दिलाते हुए मनरेगा में हुए कथित भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “कांग्रेस के समय मनरेगा में 14 लाख करोड़ रुपये का महादानव घोटाला हुआ था. पहले दिल्ली से एक रुपया चलता था, तो जिलों तक पहुँचते-पहुँचते वह मात्र 30 पैसा रह जाता था. लेकिन आज मोदी सरकार में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है, पूरा पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंचता है.”
भारत-अमेरिका टैरिफ मामले पर राहुल गांधी पर तंज
हालिया भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर चर्चा करते हुए मौर्य ने कहा कि जब अमेरिका ने भारत पर 50% का भारी टैरिफ लगाया, तो भारत झुका नहीं. प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीति का असर रहा कि अमेरिका को टैरिफ घटाकर 18% करना पड़ा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अमेरिका के टैरिफ घटाने से राहुल गांधी को दर्द हो रहा है. देश की जनता अखिलेश यादव और राहुल गांधी को ‘धोखेबाज’ मानती है, जबकि मोदी जी पर अटूट विश्वास करती है.”
2027 के लिए बड़ा दावा
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आत्मविश्वास जताते हुए दावा किया कि 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में 325 सीटें जीतकर एक बार फिर सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह हताश है और 2024 की तरह 2027 में भी उनके ‘मुंगेरीलाल के सपने’ चकनाचूर होंगे.
महंगाई के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि यदि कुछ क्षेत्रों में महंगाई बढ़ी है, तो जनता की आमदनी में भी कई गुना इजाफा हुआ है. उन्होंने अंत में संकल्प दोहराया कि 2047 तक भारत दुनिया का नंबर वन विकसित राष्ट्र बनेगा.



