JJP नेता दिग्विजय चौटाला बोले- ‘इनेलो टायर्ड और रिटायर्ड लोगों की पार्टी’, कर्ण चौटाला का पलटवार

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के बीच जुबानी हमला तेज हो गया है. जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला द्वारा इनेलो को ‘टायर्ड और रिटायर्ड’ लोगों की पार्टी बताए जाने पर इनेलो के युवा नेता कर्ण चौटाला ने तीखा पलटवार किया है. करनाल में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे कर्ण चौटाला ने कहा कि जनता ने अब जेजेपी को पूरी तरह नकार दिया है.
दिग्विजय चौटाला के उस आरोप पर कि ‘इनेलो के मंच पर युवाओं को जगह नहीं मिलती’, कर्ण चौटाला ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा, “अभय सिंह चौटाला और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा हो चुकी है. आने वाले विधानसभा चुनाव में इनेलो 50 प्रतिशत टिकट युवाओं और महिलाओं को देगी. इनेलो ही वह पार्टी है जहाँ युवाओं की आवाज को असल पहचान मिलती है.”
दिग्विजय और राहुल गांधी पर साधा निशाना
कर्ण चौटाला ने दिग्विजय पर हमला जारी रखते हुए कहा, “जिन्हें जनता ने राजनीतिक रूप से खत्म कर दिया है, उनके बारे में मुझसे सवाल न करें. सरकार के साथ मिलकर इन्होंने जो किया, उसका जवाब जनता ने उन्हें दे दिया है.” वहीं, राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिन्हें नेता प्रतिपक्ष (LOP) बनने में एक साल लग गया, वे कार्यकर्ताओं को क्या टिप्स देंगे.
23 मार्च को जींद में होगा ‘युवा शक्ति’ का प्रदर्शन
बेरोजगारी, नशा और अपराध के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरते हुए कर्ण चौटाला ने जींद में होने वाले आगामी युवा सम्मेलन का बिगुल फूँका. उन्होंने बताया कि 23 मार्च को जींद में एक विशाल युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. बेरोजगारी और गिरती शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद करना.
एकता का संदेश
कर्ण चौटाला ने कहा कि अब हरियाणा का युवा जात-पात और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होगा और सरकार को अपनी ताकत का एहसास दिलाएगा. करनाल पहुंचे कर्ण चौटाला ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जींद सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाग लेकर हरियाणा में परिवर्तन की नींव रखें.
Input By : मुकुल सतीजा



