सहारनपुर में अंतर विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता:ब्राउनवुड ने एयर फोर्स स्कूल को 183 रन से हराया; असद ने 35 गेंदों में 116 रन बनाए

Nov 18, 2026 - 18:56
0
सहारनपुर में अंतर विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता:ब्राउनवुड ने एयर फोर्स स्कूल को 183 रन से हराया; असद ने 35 गेंदों में 116 रन बनाए
सहारनपुर में चौथी जिला अंतरविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का रोमांच बढ़ा दिया। बुधवार शाम 5 बजे तक खेले गए दो मुकाबलों में रेनबो स्कूल और ब्राउनवुड स्कूल की टीमों ने जीत दर्ज की। पहले मैच में रेनबो स्कूल ने दिव्या पब्लिक स्कूल को चार विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में ब्राउनवुड स्कूल ने एयर फोर्स स्कूल को 183 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी। दूसरे मैच में मोहम्मद असद ने महज 35 गेंदों में 116 रन की तूफानी पारी खेलकर आकर्षण बटोरा। पहले मुकाबले में रेनबो स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दिव्या पब्लिक स्कूल की टीम 13 ओवर में 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अनुराग ने 20 गेंदों में 29 और शिवा ने 15 गेंदों में 19 रन बनाए। रेनबो स्कूल के विराट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनबो स्कूल की टीम ने 17 ओवर में छह विकेट खोकर 92 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। विराट ने 18, कनव ने 14 और आयुष ने भी 14 रन का योगदान दिया। गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले विराट को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में ब्राउनवुड स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित पारी में 241 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। मोहम्मद असद ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 116 रन बनाए। वहीं फैज ने 26 गेंदों में 39 रन की उपयोगी पारी खेली। 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एयर फोर्स स्कूल की टीम ब्राउनवुड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 58 रन पर सिमट गई। ब्राउनवुड की ओर से हम्माद और उमर ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार शतकीय पारी खेलने वाले मोहम्मद असद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजन में स्कूल प्रबंधक मुकुल चौधरी, चेयरमैन सुभाष चौधरी, प्रधानाचार्य आशुतोष शर्मा, कोच विवेक शर्मा, विक्रांत सिंह विक्की,पीटीआई मनपाल सिंह, अक्षय कुमार, श्रीकांत चौधरी और मानसी धीमान का विशेष सहयोग रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User