प्रयागराज में छात्राओं ने देखी दुर्लभ पांडुलिपियां:राजकीय पांडुलिपि पुस्तकालय में रामायण, महाभारत की प्रतियां देखीं
प्रयागराज में विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवंबर) के तहत राजकीय पांडुलिपि पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में आर्य कन्या महाविद्यालय की पांच शिक्षिकाओं के साथ पहुंचीं 50 छात्राओं ने प्राचीन पांडुलिपियां देखीं। उन्हें दुर्लभ ग्रंथों, ऐतिहासिक दस्तावेजों, प्राचीन लिपियों और पांडुलिपियों के संरक्षण की जानकारी दी गई। छात्राओं ने हैंड लैमिनेशन तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी लिया। भ्रमण के दौरान छात्राओं को संस्कृत, हिंदी, उर्दू और फारसी भाषा की पांडुलिपियां दिखाई गईं। इनमें वेद, पुराण, उपनिषद, श्रीमद्भागवत, रामायण, नक्षत्र विज्ञान और चिकित्सा से जुड़े प्राचीन ग्रंथों की मूल प्रतियां शामिल थीं। संस्कृत और हिंदी पांडुलिपियों के खंड में सहायक हरिश्चंद्र दुबे ने छात्राओं को अलग-अलग लिपियों और ग्रंथों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए। उर्दू और फारसी खंड में विशेषज्ञ डॉ. शाकिरा तलत ने मध्यकालीन पांडुलिपियों के बारे में बताया। यहां फारसी भाषा में रामायण मसीही, फैजी कृत महाभारत, नल-दमयंती की कहानी और अलग-अलग शायरों की रचनाएं प्रदर्शित की गईं। ऐतिहासिक और साहित्यिक पांडुलिपियों में बने चित्रों और उनकी लेखन शैली को भी छात्राओं ने देखा। पुस्तकालय के एक अन्य खंड में शेरशाह सूरी और मुगल शासकों अकबर, जहांगीर, शाहजहां तथा औरंगजेब के शाही फरमान रखे गए थे। अवध के नवाब मोहम्मद अली शाह का फरमान भी प्रदर्शित किया गया। पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर ने इन दस्तावेजों की पृष्ठभूमि और महत्व की जानकारी दी। छात्राओं को दुर्लभ ऐतिहासिक पुस्तक चौरपंचाशिका और प्राचीन लिपियों पर आधारित पैलियोग्राफी की पुस्तक भी दिखाई गई। उन्होंने ब्राह्मी और खरोष्ठी लिपियों के बारे में जानकारी ली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)