बच्चों में बढ़ी खांसी-जुकाम और बुखार की समस्या:बदलते मौसम से SN में 30% तक बढ़े मरीज, ध्यान न देना हो सकता है गंभीर
लगातार बदल रहे मौसम का असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या करीब 30 प्रतिशत बढ़ गई है। बच्चों को सांस लेने में परेशानी भी हो रही है। वहीं, दिवाली के बाद से निमोनिया के मरीजों की संख्या में भी कुछ बढ़ोतरी हुई है। पिछले 15 दिनों से इमरजेंसी में आने वाले करीब चार प्रतिशत बच्चे निमोनिया से पीड़ित मिल रहे हैं। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज के अनुसार, मौसम में बदलाव और बढ़ते प्रदूषण के कारण बच्चों में कई तरह की समस्याएं बढ़ रही हैं। ओपीडी में करीब पांच प्रतिशत बच्चे एलर्जी की शिकायत लेकर आ रहे हैं। इसके अलावा करीब पांच प्रतिशत बच्चे थैलेसीमिया, मलेरिया और दूसरी बीमारियों से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि यूआरआई यानी ऊपरी सांस की नली में होने वाला संक्रमण है। इसमें नाक, गले और सांस की नली के शुरुआती हिस्से पर असर पड़ता है। बच्चों को खांसी, जुकाम, नाक बहना, गले में खराश और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत दिखाएं डॉक्टर को डॉ. पंकज ने बताया कि फिलहाल ओपीडी में ज्यादातर बच्चे सामान्य लक्षणों के साथ आ रहे हैं, लेकिन लापरवाही करने पर यह परेशानी गंभीर हो सकती है। संक्रमण बढ़ने पर फेफड़ों तक पहुंच सकता है और निमोनिया हो सकता है। बच्चे को तेज बुखार, लगातार खांसी, तेज-तेज सांस चलने, सांस लेने में परेशानी या दूध पीने और खाना खाने में दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। छोटे बच्चों में बहुत ज्यादा सुस्ती और दूध नहीं पीना भी खतरे के संकेत हैं। गंभीर स्थिति में शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो सकती है और यह जानलेवा भी बन सकता है। नवजात को बाहर ले जाने से बचें, गर्म कपड़े पहनाएं डॉ. पंकज ने बताया कि बच्चों को इस परेशानी से बचाने के लिए सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनाकर रखें। जरूरी होने पर ही बच्चों को बाहर लेकर जाएं और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल करें। नवजात बच्चों को बाहर ले जाने से बचना चाहिए। जरूरी होने पर उनके सिर, हथेलियों और पैरों को अच्छी तरह ढककर ही बाहर ले जाएं। नवजात बच्चों को प्रदूषण से बचाना मुश्किल होता है और वे इसकी चपेट में जल्दी आ सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)