फिरोजाबाद में देवर पर भाभी को जलाने का आरोप:केरोसीन डालकर लगाई आग, महिला 70% झुलसी, आगरा रेफर
फिरोजाबाद में गुरुवार सुबह 20 साल की विवाहिता आग से गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बचाने पहुंचे पति के हाथ और बाल भी झुलस गए। महिला के भाई ने उसके देवर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। वहीं, पति का कहना है कि सास-बहू के बीच विवाद के बाद पत्नी ने खुद आग लगाई। गंभीर हालत में महिला को आगरा रेफर किया गया है। खाना बनाते समय आग की चपेट में आई विवाहिता रूधेनी गांव निवासी प्रेमलता पत्नी शिवम गुरुवार सुबह घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान वह आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। महिला को बचाने पहुंचे पति शिवम के हाथ और बाल भी झुलस गए। घटना सिरसागंज थाना क्षेत्र के रूधेनी गांव की है। पति बोला- विवाद के बाद खुद लगाई आग पति शिवम के मुताबिक, सुबह घर में सास और बहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद प्रेमलता खाना बनाने लगी। इसी दौरान उसने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली। पत्नी को आग से घिरा देखकर वह उसे बचाने पहुंचा, जिसमें उसके हाथ और बाल झुलस गए।
भाई ने देवर पर लगाया जलाने का आरोप वहीं, प्रेमलता के भाई ने घटना को लेकर अलग आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि देवर अरुण आए दिन प्रेमलता के साथ मारपीट करता था। गुरुवार सुबह भी उसके साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि प्रेमलता जब खाना बना रही थी, तभी अरुण ने मिट्टी के तेल का डिब्बा उसके ऊपर डालकर आग लगा दी। घायल महिला के भाई राहुल ने बताया बहन का कहना है कि उनकी सास और देवर अरुण कुमार ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई है। पहले भी कई बार मेरी बहन को मारा था। आए दिन उसे बहुत ज्यादा प्रताड़ित करता था। घर के बाहर निकाल देता था झगड़ा करता था पति मजदूरी करते हैं। गंभीर हालत में आगरा रेफर घटना के बाद परिजन प्रेमलता को सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। सिरसागंज थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। महिला के पति और भाई के अलग-अलग बयानों के चलते घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)