मंदिर और होली पूजन स्थल बचाने को ज्ञापन:नाले का रास्ता बदलने की मांग, सोतीपुरा के लोगों ने निर्माण पर जताई आपत्ति, एसडीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
सम्भल शहर के नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला सोतीपुरा (लोधी सराय) में प्राचीन मां काली मंदिर और होली पूजन स्थल के पास नाले के निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मोहल्ले के लोगों ने नाले का रास्ता बदलकर खेतों की ओर से निर्माण कराने की मांग उठाई है। गुरुवार को दोपहर 12 बजे लोगों ने उपजिलाधिकारी के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर मौजूदा स्थान पर हो रहे निर्माण को रुकवाने की मांग की। ज्ञापन में मोहल्लेवासियों ने कहा कि वार्ड नंबर-दो में नसीला तालाब के गंदे पानी की निकासी के लिए बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि नाले का रास्ता प्राचीन मां काली मंदिर की ओर रखा गया है। इससे मंदिर के पास स्थित होली पूजन स्थल खत्म होने की आशंका है। लोगों का कहना है कि नाले के निर्माण से मंदिर के आसपास का वातावरण भी प्रभावित होगा। इसलिए धार्मिक स्थल की महत्ता को देखते हुए नाले का निर्माण मंदिर के दक्षिण दिशा में खेतों की ओर कराया जाना चाहिए। ज्ञापन में सभासद रेशमा आसिफ के पति आसिफ कुरैशी पर विकास कार्यों में भेदभाव करने के आरोप भी लगाए गए हैं। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि मुस्लिम आबादी में गलियों और मुख्य सड़कों का निर्माण कराया गया, जबकि हिंदू आबादी की समस्याओं की अनदेखी की गई। पेयजल आपूर्ति को लेकर भी ज्ञापन में सवाल उठाए गए हैं। लोगों ने नाले के बीच में आ रहे पाखड़ के पेड़ और गाटा संख्या 104 की भूमि का भी उल्लेख किया। आरोप लगाया कि पेड़ की आड़ लेकर नाले को संकरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मौके की जांच कराकर निर्माण की दिशा तय करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों ने कहा कि नाले का रास्ता बदलने से धार्मिक स्थल और होली पूजन की जगह सुरक्षित रह सकती है। इस दौरान शिल्पा, उदय, नरेश, तेजपाल सिंह, अतर सिंह पुजारी, चरन सिंह, शन्नू, दिनेश, सुदेश, सनी, मोहित, रामकुमार, मीरा, सोहन लाल, हरिओम, नीतीश कुमार, भाजपा नगर उपाध्यक्ष सहित अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)