आलू लदी DCM ने कई वाहनों को टक्कर मारी:सीतापुर में कार खाई में गिरी, एक राहगीर की मौत, ऑटो सवार 6 लोग घायल

Nov 19, 2026 - 13:59
0
आलू लदी DCM ने कई वाहनों को टक्कर मारी:सीतापुर में कार खाई में गिरी, एक राहगीर की मौत, ऑटो सवार 6 लोग घायल
सीतापुर में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे आलू से लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। टक्कर से एक कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। लगातार टक्कर मारने के बाद डीसीएम गौरिया तिराहे के पास पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य कराया। घायलों को मछरेहटा सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना मछरेहटा थाना क्षेत्र की है। सीएचसी के पास कार में मारी टक्कर जानकारी के मुताबिक, आलू से लदी डीसीएम कल्ली चौराहे से मछरेहटा होते हुए खैराबाद की ओर जा रही थी। मछरेहटा सीएचसी के पास डीसीएम ने शीबू की कार को टक्कर मार दी। इसके बाद आदिलपुर चौराहे पर एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी। ई-रिक्शा में सवार पांच लोग घायल हो गए। दूसरी कार खाई में गिरी, साइकिल सवार भी चपेट में आया आगे बढ़ने पर डीसीएम ने रिंकू राठौर की कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इसी दौरान साइकिल सवार नेक राम भी डीसीएम की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। इसके बाद डीसीएम गौरिया तिराहे के पास पलट गई। जिला अस्पताल में एक घायल की मौत हादसे में आदिलपुर निवासी शोभरन की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाए गए सोबरन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गद्दीपुर निवासी मुलचंद्र, धहराऊ निवासी नेक राम, कटिया निवासी गुड्डू के अलावा महेश, प्रदीप और अन्य लोग घायल हुए हैं। डीसीएम चालक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। SDM और सीओ ने घटनास्थल का किया निरीक्षण सूचना पर मछरेहटा थाना प्रभारी श्याम दास वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खैराबाद पुलिस ने भी राहत-बचाव में सहयोग किया। एसडीएम मिश्रिख दीपक कुमार गुप्ता और सीओ विशाल गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने डीसीएम कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User