एटा में पुलिस के सामने फायरिंग हुई थी:प्रधान समेत 16 गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद

Nov 10, 2026 - 18:54
0
एटा में पुलिस के सामने फायरिंग हुई थी:प्रधान समेत 16 गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव में सोमवार रात दो पक्षों के बीच फायरिंग और पथराव हो गया। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने मामले में सौहार गांव के प्रधान अमर सिंह समेत दोनों पक्षों के 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। गश्त के दौरान मिली फायरिंग की सूचना पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। मलावन थाने में तैनात दरोगा राधेश्याम पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गांव में फायरिंग होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष आमने-सामने फायरिंग, पथराव और गाली-गलौज कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। बताया गया कि लोकेंद्र और सीताराम पक्ष के लोग एक-दूसरे को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर रहे थे। फायरिंग से गांव में दहशत, घरों में दुबके लोग फायरिंग की घटना से गांव में दहशत फैल गई। लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी क्षत्रपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर बल प्रयोग करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, 8 कारतूस और 5 खोखे बरामद किए गए हैं। एक आरोपी के पास से तमंचा और कारतूसों की पेटी भी मिली। चुनावी रंजिश में विवाद की बात आई सामने पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में संदीप पुत्र सत्यपाल सिंह, लोकेंद्र पुत्र मुनेश कुमार, राकेश पुत्र रामचंद्र सिंह, रामखिलाड़ी पुत्र कुंवरपाल सिंह, दिनेश पुत्र हुकुम सिंह, अमर सिंह पुत्र सत्यपाल सिंह, अंकित पुत्र रामवीर सिंह, रामसिंह पुत्र सत्यपाल सिंह, शैलेंद्र पुत्र सुरेश सिंह, जितेंद्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह, सिद्धांत राठौर पुत्र योगेंद्र सिंह, सीताराम पुत्र ओमवीर सिंह, चेतन पुत्र ओमवीर सिंह, विपिन पुत्र वीरेंद्र सिंह, विनय सिंह पुत्र चेतन सिंह और अतुल कुमार पुत्र रविंद्र सिंह शामिल हैं। पुलिस ने मामले में 27 नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, फायरिंग और बलवा करने के आरोप में केस दर्ज किया है। विवाद की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे गिरफ्तार 16 आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User