डाला छठ-देव दीपावली के पहले बनारस के घाट होंगे तैयार:नगर आयुक्त और महापौर ने दिए अधिकारियों को निर्देश, सभी घाटों पर होगी स्वच्छता और सुरक्षा
वाराणसी में डाला छठ और देव दीपावली के पावन अवसरों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की संयुक्त रूप से नमो घाट से लेकर सामने घाट तक चाक-चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। डाला छठ और देव दीपावली पर सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया - सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए घाटों से लेकर तालाबों तक विशेष सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। नमो घाट से सामने घाट तक, रामनगर क्षेत्र, वरुणा नदी के पक्के घाटों और नगर के सभी कुंडों व तालाबों का बारीकी से निरीक्षण कर तत्काल सफाई और मरम्मत कराने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए मिलेंगी विशेष सुविधाएं
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया - बाढ़ के बाद छठ महापर्व को देखते हुए और देव दीपावली पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जिसे लेकर सभी की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। जिसमें - • चेंजिंग रूम और लाइटिंग: व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे और आलोक विभाग द्वारा लाइटिंग की मुकम्मल व्यवस्था की जाएगी। • दलदल से बचाव: घाटों पर जिन स्थानों पर दलदल या फिसलन है, वहां बालू से भरी बोरियां रखी जाएंगी ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। • छुट्टा पशुओं पर रोक: घाटों पर छुट्टा और आवारा पशुओं के विचरण पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन होने पर पशुओं को पकड़कर जुर्माना लगाया जाएगा। लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया - सभी अभियंताओं और स्वास्थ्य निरीक्षकों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जोनल स्वच्छता अधिकारियों को नावों और पैदल गश्त के जरिए घाटों पर सफाई व्यवस्था की अनवरत मॉनिटरिंग करने के लिए कहा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)