बृजेश पाठक ने सोनिया गांधी की पुस्तक पर सवाल उठाए:कहा- आपातकाल और बोफोर्स घोटाले से ध्यान हटाने की कोशिश, लोकतंत्र का गला घोंटा था
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार को संतकबीरनगर पहुंचे। बृजेश पाठक ने सोनिया गांधी की पुस्तक पर सवाल उठाए। कहा- आपातकाल और बोफोर्स घोटाले से ध्यान हटाने की कोशिश है। इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। इससे पहले उन्होंने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इमरजेंसी, आर्थोपेडिक और मेडिकल वार्ड के साथ दवा केंद्र और ऑक्सीजन सप्लाई व्यवस्था देखी। मरीजों से मुलाकात कर उन्हें मिल रहे उपचार, दवाओं और भोजन के बारे में जानकारी ली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। मरीजों को अस्पताल से ही मिलें सभी दवाएं डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को सभी जरूरी दवाएं अस्पताल से ही निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए न लिखा जाए। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ मरीजों और उनके परिजनों से संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मानकों के विपरीत चल रहे अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जबकि बेहतर सेवाएं देने वाले अस्पतालों को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जिले में चिकित्सकों की कमी की सूची भी मांगी। खराब एंबुलेंस हटेंगी, नई के लिए भेजेंगे मांग स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिले में एंबुलेंस की कमी और कुछ वाहनों की खराब स्थिति सामने आई। इस पर डिप्टी सीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने खराब एंबुलेंस को निष्प्रयोज्य घोषित कर नई एंबुलेंस के लिए मांग भेजने के निर्देश दिए। साथ ही डीजी स्वास्थ्य से फोन पर बात कर जिले को जरूरी एंबुलेंस उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने एंटीवेनम समेत सभी आवश्यक दवाओं और वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कराने और ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। आयुष्मान भारत और जननी सुरक्षा योजना सहित सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। सोनिया गांधी की पुस्तक पर कांग्रेस को घेरा संयुक्त जिला चिकित्सालय के बाहर मीडिया से बातचीत में बृजेश पाठक ने सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुस्तक के जरिए कांग्रेस अपने शासनकाल के विवादित मुद्दों और आपातकाल के दौरान हुए अत्याचारों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा था। जनता को दी गई यातनाओं को देश कभी नहीं भूलेगा। बोफोर्स घोटाले और कांग्रेस के कार्यकाल से जुड़ी अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केवल पुस्तक लिख देने से इतिहास की सच्चाई नहीं बदल सकती। कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल के घटनाक्रमों का जवाब देना चाहिए। 2027 में भाजपा सरकार बनने का दावा डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, 'सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को।' उन्होंने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब सपा को सनातन संस्कृति की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि पहले सपा के नेता राम मंदिर और अयोध्या को लेकर अलग रुख रखते थे, लेकिन अब अयोध्या धाम को बेहतर बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि पार्टी के नेता अलग-अलग रूप धारण कर वोट पाने की कोशिश करते हैं। बृजेश पाठक ने दावा किया कि 2027 में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उस समय 'एक जिला-एक माफिया' की स्थिति थी, जबकि अब 'एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज' की दिशा में काम हो रहा है। होटल का उद्घाटन कर प्रबुद्धजनों को किया संबोधित दौरे के दौरान डिप्टी सीएम ने सरैया स्थित हाईवे पर द वेलेंसिया होटल का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रबुद्धजनों को संबोधित किया। होटल मालिक वैशाली छापड़िया और विवेक छापड़िया ने अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक नाथ त्रिपाठी, सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, एमएलसी संतोष सिंह, विधायक गणेश चौहान, विधायक अनिल त्रिपाठी, विधायक श्रीराम चौहान, पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण जय चौबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जोखई सिंह, जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा और सुधांशु सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)