अखिलेश का ओवैसी पर बड़ा अटैक:MIM चीफ़ को बताया सियासत का ख़ानाबदोश सौदागर,पूछा सिर्फ चुनाव के समय ही क्यों आते हैं?

Nov 10, 2026 - 19:43
0
अखिलेश का ओवैसी पर बड़ा अटैक:MIM चीफ़ को बताया सियासत का ख़ानाबदोश सौदागर,पूछा सिर्फ चुनाव के समय ही क्यों आते हैं?
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें सियासत के खानाबदोश सौदागर की संज्ञा दी है। ओवैसी लगातार यूपी में जनसभाएं कर रहे हैं और उनके निशाने पर यूपी सरकार के साथ साथ अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी है। ओवैसी ने पिछले महीने उन्होंने आधा दर्जन जनसभाएं की थीं। इसमें मुरादाबाद, आजमगढ़, कैराना, सहारनपुर, बिजनौर और रामपुर की जनसभाएं शामिल थीं। आने वाले दिनों में भी ओवैसी के यूपी में लगातार कार्यक्रम हैं। इसमें 14 नवंबर को मेरठ में जनसभा और संविधान दिवस के दिन 26 नवंबर को रामा बाई ऑम्बेडकर मैदान में चंद्रशेखर के साथ जनसभा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी दिन अखिलेश यादव भी अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करने की बात कह चुके हैं। अखिलेश यादव के इस एक्स पोस्ट को ओवैसी पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है। अखिलेश ने लिखा है कि… वो उड़ते हुए बस ‘इंतख़ाब’ के वक़्त ही क्यों आते हैं जितना कहते हैं ‘आक़ा’ उतना कहकर चले जाते हैं जो नक़ली ‘ख़ैर-ख़्वाह’ आब की जगह आग लाते हैं जब अपनों पर जुल्म होता है तो कहाँ गुम हो जाते हैं ये तो ‘सियासत के ख़ानाबदोश सौदागर’ कहलाते हैं ये तो उसी हिसाब से ही मुँह खोलते हैं जितना पाते हैं इससे पहले भी अखिलेश यादव ओवैसी पर बिना उनका नाम लिए निशाना साधते रहे हैं। बीते दिनों एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि डाेर किसी और के हाथ में है। और अब कह रहे हैं कि उसी हिसाब से मुंह खोलते हैं, जितना पाते हैं। अखिलेश ने उठाया लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर में गड़बड़ी का मुद्दा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के लिंक एक्सप्रेसवे से जुड़े टेंडरों को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ गिनी-चुनी कंपनियां और सरकार की कथित मिलीभगत से टेंडर आपस में बांटे जा रहे हैं। अखिलेश ने इस पूरी प्रक्रिया को दिखावटी प्रतिस्पर्धा बताते हुए आरोप लगाया कि टेंडर का असली खेल पर्दे के पीछे चल रहा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार में लिप्त भाजपा सरकार की मिलीभगत से टेंडरों को आपस में बांटा जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह दुनिया को दिखाने भर का टेंडर है, जबकि असली खेल मेज के 'अंडर' चल रहा है। दिल्ली के प्रदूषण पर भी साधा निशाना एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव ने दिल्ली में प्रदूषण को लेकर एक समाचार पत्र की तस्वीर को साझा करते हुए लिखा कि… दिल्ली में बैठी भ्रष्ट भाजपा सरकार झूठे आँकड़ों की चादर से प्रदूषण की असहनीय तकलीफ़ को ढकना चाहती है। प्रदूषण के स्तर का सच क्या है ये उन मासूम बच्चों, बीमारों और बुज़ुर्गों से पूछिए जो एक-एक साँस लेने में ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं। भाजपा झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User