‘मुसलमान TMC की निजी संपत्ति नहीं’, आसनसोल में कार पर हमले के बाद भड़कीं बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 90 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है. बड़ी संख्या में लोग मतदान करने पोलिंग बूथ पहुंच रहे हैं. इस बीच कई जगहों से हिंसक घटनाएं भी सामने आ रही हैं. कहीं भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने उनके साथ मारपीट के आरोप लगाए हैं तो कहीं पर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए.
बंगाल में अलग-अलग जगहों से पत्थरबाजी और मारपीट के भी मामले सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में भीड़ ने आसनसोल दक्षिण से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार को निशाना बनाया. उनकी कार पर ईंटें और पत्थर फेंके गए, जिससे खिड़कियां टूट गईं. इस पर उन्होंने टीएमसी और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला और कहा कि मुसलमान टीएमसी की निजी संपत्ति नहीं हैं.
कार पर हुए हमले के बाद अग्निमित्रा पॉल ने आईएएनएस को बताया कि वह रहमतनगर इलाके में गई थीं. वहां पीछे से कार पर पत्थर फेंके गए, जिससे शीशा टूट गया. उन्होंने कहा, ‘रहमत नगर अल्पसंख्यक बहुल इलाका है. हम वहां गए थे. एक ही इमारत में कई बूथ हैं. वहां निरीक्षण करने के बाद हम पास की ही एक दूसरी इमारत (रहमत नगर हाई स्कूल) में गए. वहां भी हमारा निरीक्षण पूरा हो गया था. जब हम कार में बैठकर बाहर निकले, तो पीछे से हम पर पत्थर फेंके गए, जिससे कार का शीशा टूट गया.’
यह भी पढ़ें:- West Bengal Assembly Election 2026: मुर्शिदाबाद में पत्थरबाजी, बीरभूम-दिनाजपुर में बीजेपी कैंडिडेट का फोड़ा सिर…, वोटिंग के बीच बंगाल में दिनभर बवाल
अग्निमित्रा पॉल ने आगे कहा, ‘हर चुनाव में तृणमूल यही करती है. यह हरकत तृणमूल ने ही की है. साल 2022 में जब उपचुनाव हुए थे, तब भी इसी तरह पत्थरबाजी की गई थी और कार को नुकसान पहुंचाया गया था.’ उन्होंने यह भी बताया कि वह फिर से उस इलाके में जाएंगी, जहां कार पर हमला हुआ.
टीएमसी पर निशाना साधते हुए अग्निमित्रा पॉल ने कहा, ‘तृणमूल कांग्रेस को लगता है कि मुसलमान उनकी निजी संपत्ति हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. मुसलमानों पर भाजपा का भी अधिकार है, क्योंकि वे मेरे भाई हैं इसलिए टीएमसी की कोई चाल नहीं चलेगी.’
यह भी पढ़ें:- ‘सिर्फ बिहारी बाबू ही नहीं, मैं बंगाली बाबू भी हूं’, आसनसोल में पहली बार मतदान के बाद बोले शत्रुघ्न सिन्हा
इस घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें अग्निमित्रा पॉल की कार का पिछला शीशा टूटा हुआ था. वहीं, अग्निमित्रा पॉल कार के सामने खड़ीं नजर आईं, जो घटना के बारे में लोगों से बात कर रही थीं. बाद में इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. अग्निमित्रा पॉल ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस में अभी लिखित शिकायत नहीं दी है.



