EVM नंबर पर कन्फ्यूजन से गरमाया भवानीपुर! ममता बनर्जी नाराज़, 2 या 5? आखिर किस नंबर है ममता का नाम

Bhabanipur Assembly Seat: हाई-वोल्टेज सीट भवानीपुर इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का सबसे बड़ा केंद्र बन चुकी है. 2021 के नंदीग्राम के बाद इस बार सारी नजरें भवानीपुर पर टिकी हैं, जहां ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है.
चुनाव से ठीक पहले भवानीपुर में एक अजीब कन्फ्यूजन सामने आया. EVM में ममता बनर्जी का नाम किस नंबर पर है? 2 या 5? इसी मुद्दे पर ममता बनर्जी नाराज नजर आईं. शेक्सपियर सरणी इलाके में रोड शो के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से सवाल किया, “कौन कह रहा है नंबर 2? आपने तो मुझे 5 बताया था. वोटर स्लिप देखकर बताइए.” बाद में उन्होंने स्पष्ट कहा—“नंबर 2 ही सही है, 2 मतलब जीत.”
सोमवार को ममता बनर्जी ने अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रचार किया. कभी वह शेक्सपियर सरणी पहुंचीं, तो कभी लॉर्ड सिन्हा रोड के हाई-राइज बिल्डिंग्स में जाकर लोगों से वोट मांगे. इस दौरान फिरहाद हकीम और जयप्रकाश मजूमदार भी उनके साथ नजर आए.
दूसरी ओर भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है. सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में जनसंपर्क यात्रा निकालकर माहौल गरमाया. उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल के पहले चरण के मतदान के बाद वह 8:30 बजे भवानीपुर पहुंचेंगे और 4 मई को जीत का प्रमाण पत्र लेकर सीधे नरेंद्र मोदी से मिलेंगे.
ममता बनर्जी ने भी बैठक में भाजपा पर तीखा हमला बोला और कहा कि आज या कल भाजपा सत्ता से बाहर होगी, उनका यह रवैया ज्यादा दिन नहीं चलेगा.
29 अप्रैल को होने वाले मतदान और 4 मई को आने वाले नतीजों पर अब पूरे राज्य की नजरें टिकी हैं. भवानीपुर की यह सीट सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुकी है—जहां हर छोटा मुद्दा भी बड़ा सियासी संदेश बन रहा है. भवानीपुर विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है, जहां कई दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने मैदान में ताल ठोक दी है. ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के अलगावा प्रदीप प्रसाद (कांग्रेस), श्रीजीब विश्वास (सीपीएम), अनुमिता शॉ (एसयूसीआई-सी), मणिका मुखर्जी (भारतीय न्याय-अधिकार रक्षा पार्टी) भी चुनावी मैदान में हैं. वहीं, 6 अन्य कैंडिडेट निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.



