खेल

हार्दिक पांड्या को नहीं पसंद आएगा तिलक वर्मा का यह बयान, जानें पहला शतक जड़ने के बाद क्या बोले?

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस की जीत के हीरो रहे तिलक वर्मा ने मैच के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या को चुभने वाला बयान दिया है. तिलक की 45 गेंद में नाबाद 101 रनों की पारी की बदौलत मुंबई ने गुजरात को 99 रनों से शिकस्त दी. मैच के बाद उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर मुझे नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना पसंद है. हालांकि, टीम को मेरी जहां भी जरूरत हो, मैं वहां बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हूं, लेकिन अगर कोई मुझसे पूछे तो मैं हमेशा तीसरा नंबर ही कहूंगा. 

तिलक वर्मा ने जियोहॉटस्टार से कहा, “यह शतक टीम और मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण था. पिछले चार-पांच मैचों से मेरे दिमाग में लगातार एक ही बात चल रही थी कि मैंने क्रीज पर ज्यादा समय नहीं बिताया है और ज्यादा गेंदों का सामना नहीं किया था. इसलिए मेरा लक्ष्य विकेट पर कुछ समय बिताना और फिर टीम की स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करना था.”

तिलक ने अपनी रणनीति के बारे में कहा कि उन्होंने पिच का शुरुआती आकलन किया और सीधे शॉट लगाने पर ध्यान केंद्रित किया. उन्होंने कहा, “जब भी मुंबई इंडियंस की टीम अहमदाबाद आती है तो हम आमतौर पर काली मिट्टी वाली पिच पर मैच खेलते हैं, जो थोड़ी धीमी होती है. ऐसा नहीं है कि हमारे बल्लेबाज इसके अनुकूल नहीं ढल सकते, लेकिन हम जानते हैं कि अगर पिच पर ज्यादा उछाल हो तो हम क्या कर सकते हैं.”

तिलक ने आगे कहा, “गेंद धीमी और नीची रह रही थी, इसलिए हमें उससे तालमेल बिठाना पड़ा और सीधे शॉट लगाने की कोशिश करनी पड़ी. गेंद ज्यादा उछाल नहीं ले रही थी, इसलिए विकेट की सीध में आने वाली गेंदों पर ‘एक्रास द लाइन’ खेलना जोखिम भरा था. मैंने सीधे शॉट लगाने का फैसला किया. मैंने परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझा.”

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है और तिलक को उम्मीद है कि उनकी टीम आगे भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखेगी. उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि हम क्या करने में सक्षम हैं. हमारी टीम में कई विश्व कप विजेता खिलाड़ी हैं. अगर हम अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करते हैं तो हमें कोई रोक नहीं सकता. इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि हम खेल पर अपना ध्यान केंद्रित रखें और कड़ी मेहनत करते रहें.”

अपनी पसंदीदा बल्लेबाजी पोजीशन के बारे में पूछे जाने पर तिलक ने कहा कि उन्हें नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना पसंद है. उन्होंने कहा, “व्यक्तिगत तौर पर मुझे नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना बहुत पसंद है. हालांकि टीम को मेरी जहां भी जरूरत हो, मैं वहां बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हूं, लेकिन अगर कोई मुझसे पूछे तो मैं हमेशा तीसरा नंबर ही कहूंगा.”

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!