AZAMGARH News:सड़क दुर्घटना में कक्षा नौ के छात्र की मौत,ग्रामीणों ने लगाया जाम


आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में कार चलाना सीखते समय हुई सड़क दुर्घटना में कक्षा नौ के एक छात्र की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह मुबारकपुर–सठियांव मुख्य मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने छात्र का शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने आरोपित महिला चालक की गिरफ्तारी और अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब आधे घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर अंडरपास के पास सर्विस रोड पर एक महिला कार चलाना सीख रही थी। इसी दौरान कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार शिवकुटी नूरपुर बुतात गांव निवासी शिवा पटवा, जो कक्षा नौ का छात्र था, अपने एक साथी के साथ गन्ने का जूस लेकर घर लौट रहा था। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल छात्र को उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि पैसे के अभाव में डॉक्टरों ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया, जिससे उपचार में देरी हुई और छात्र की मौत हो गई।घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने छात्र का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।



