Azamgarh News: खबर का असर,वर्षों से घरों के ऊपर से गुजर रही खतरनाक बिजली लाइन हटाई गई, केबल से की गई सुरक्षित आपूर्ति,ग्रामीणों में खुशी


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़। पत्रकारिता की सजगता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम पांती खुर्द गांव में देखने को मिला। वर्षों से दर्जनों घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही खतरनाक विद्युत लाइन को आखिरकार हटाकर केबल के माध्यम से सुरक्षित कर दिया गया। इस कार्रवाई से पूरे गांव में राहत और खुशी का माहौल है।
बताया जाता है कि आजमगढ़ जनपद के विद्युत सब स्टेशन पटवध कौतुक से उपभोक्ताओं को दी जाने वाली बिजली की लाइन पांती खुर्द गांव में खंभों के सहारे दर्जनों घरों की छतों के ऊपर से होकर गुजर रही थी। स्थिति इतनी खतरनाक थी कि जब लोग अपने घरों की छत पर खड़े होते थे तो बिजली का तार कमर और गर्दन तक छू जाता था। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहता था और ग्रामीण लंबे समय से भय के साए में जीवन जी रहे थे।
इस गंभीर समस्या की जानकारी भारतीय जनता पार्टी के बिलरियागंज मंडल उपाध्यक्ष सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव ने क्षेत्रीय पत्रकार को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पत्रकार द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए खबर प्रकाशित की गई। खबर सामने आने के बाद विद्युत विभाग हरकत में आया और तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
विद्युत उपखंड अधिकारी बिलरियागंज तुषार श्रीवास्तव के निर्देशन में अवर अभियंता रितेश कुमार के नेतृत्व में लाइनमैन पंकज, दिनेश गुप्ता तथा आजम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूर्व में चल रही खतरनाक ओवरहेड लाइन को हटाकर केबल के माध्यम से नई सुरक्षित लाइन बिछाई और समस्त ग्रामीणों की विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी।
इस कार्य के पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि वर्षों से उनके घरों के ऊपर लटकती बिजली की लाइन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी, लेकिन समय रहते इस समस्या का समाधान हो गया। अब गांव के लोग बिना किसी भय के अपने घरों की छतों पर जा सकेंगे।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए भाजपा नेता सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके प्रयासों और खबर के माध्यम से प्रशासन तक बात पहुंची, जिसके बाद यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो गई। गांव के लोगों ने विद्युत विभाग की टीम और पत्रकारिता की सक्रियता की भी सराहना की।
पांती खुर्द गांव में अब सुरक्षित विद्युत व्यवस्था होने से लोगों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इसी तरह प्रशासन और समाज के जिम्मेदार लोग मिलकर समस्याओं को उठाते रहें, तो क्षेत्र की कई पुरानी परेशानियों का समाधान आसानी से हो सकता है।



