Azamgarh News: मानव संपदा पोर्टल पर बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर,42 शिक्षकों की दोहरी आईडी सक्रिय, बेसिक शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में मानव संपदा पोर्टल पर एक ही नाम, जन्मतिथि और पिता के नाम से कई शिक्षकों की आईडी सक्रिय मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। जांच में आजमगढ़ मंडल के 42 ऐसे शिक्षकों का मामला सामने आया है, जिनकी नियुक्ति अलग-अलग जिलों के परिषदीय विद्यालयों में दर्शाई गई है।
जानकारी के अनुसार मानव संपदा पोर्टल की समीक्षा के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कुछ शिक्षक एक ही पहचान विवरण के साथ दो स्थानों पर कार्यरत दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, इन शिक्षकों का नाम, जन्मतिथि और पिता का नाम भी समान पाया गया है, जिससे बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध शिक्षकों में 30 आजमगढ़, आठ बलिया तथा चार मऊ जनपद में तैनात दर्शाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा निदेशालय स्तर से आजमगढ़ मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) से संबंधित शिक्षकों का पूरा विवरण और अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक जांच की आंच तेज होते ही कई शिक्षक विद्यालयों से अनुपस्थित हो गए हैं और कुछ ने स्कूल आना भी बंद कर दिया है, जिससे मामले को और गंभीर माना जा रहा है।
निदेशालय से जवाब तलब किए जाने के बाद सहायक शिक्षा निदेशक ने कार्रवाई करते हुए सभी संदिग्ध शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। साथ ही संबंधित शिक्षकों को 6 मार्च को नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए गए मूल दस्तावेजों के साथ कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश जारी किया गया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि जांच में फर्जी नियुक्ति या दस्तावेजों में गड़बड़ी प्रमाणित होती है, तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।



