Azamgarh News: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर छात्रों ने दिखाया विज्ञान का हुनर, प्रयोगों और मॉडलों से दिया वैज्ञानिक सोच का संदेश


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अलगू स्मारक इंटर कॉलेज एवं एस पब्लिक स्कूल आजमपुर में छात्र-छात्राओं द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित मॉडल, प्रयोग एवं कार्य प्रणालियां तैयार कर विद्यालय परिसर में प्रदर्शित कीं, जिसने सभी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, वैज्ञानिक उपकरणों की कार्यप्रणाली तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग से जुड़े अनेक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने प्रयोगों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य आलोक कुमार यादव सहित दीपक कुमार राय, विमलेश कुमार, लाल बहादुर यादव, रोहित यादव, रामजन्म यादव, खुशबू यादव, सृष्टि राय एवं अश्विनी राय समेत अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना विकसित करती हैं।
विद्यालय के प्रबंधक दयाराम यादव एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को जागरूक और प्रगतिशील बनाने में वैज्ञानिक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण ही ऐसा माध्यम है, जो सामाजिक कुरीतियों, भेदभाव और अंधविश्वास जैसी बुराइयों से समाज को दूर कर सकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षकों ने उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नई खोजों के प्रति उत्सुक बने रहने का संदेश दिया। विज्ञान दिवस के इस आयोजन ने विद्यालय परिसर में ज्ञान, जिज्ञासा और नवाचार का प्रेरणादायक वातावरण तैयार कर दिया।



