राज्य

पंजाब: घरेलू कलह और मानसिक दबाव! शख्स ने जहर पीकर खत्म की जीवनलीला

Moga News: पंजाब के मोगा जिले के गांव कोकरी कलां में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नौजवान की जहरीली दवा खाने से मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना गलती से जहरीली दवा का सेवन करने के कारण हुई. मृतक की पहचान जसवीर सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से घरेलू समस्याओं के कारण मानसिक तनाव में था.

घटना की सूचना मिलते ही अजीतवाल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए हैं. परिजनों के मुताबिक, जसवीर सिंह ने गलती से जहरीली दवा खा ली थी, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.

इलाज के दौरान हुई मौत

परिवार के लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. हालांकि, उसकी हालत गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस मामले की जांच कर रही

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह पूरी तरह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण मौजूद है.

फिलहाल पुलिस ने सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जहरीली दवाओं और रसायनों को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. 

 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!