आजमगढ़

Azamgarh News: फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज 8 तहसीलों के लिए 8 प्रचार वाहन रवाना’’*

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ 27 फरवरी– जनपद में किसान हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज फार्मर रजिस्ट्री अभियान के व्यापक जनजागरूकता हेतु संयुक्त कृषि निदेशक, आजमगढ़ मंडल आजमगढ़ एवं उप कृषि निदेशक, आजमगढ़ द्वारा कृषि भवन, आजमगढ़ से फार्मर रजिस्ट्री प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक द्वारा बताया गया कि जनपद की समस्त 8 तहसीलों हेतु कुल 8 प्रचार वाहन संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी जनपद की सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक तहसील हेतु एक-एक प्रचार वाहन निर्धारित किया गया है, जो संबंधित उप जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य करेंगे।
उप कृषि निदेशक आजमगढ़ आशीष कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय एवं मुख्य विकास अधिकारी महोदय आजमगढ़ के कुशल मार्गनिर्देशन में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्रचलित है, होली पर्व के दृष्टिगत ऐसे किसानों के गांव आने की संभावना है, जो बाहर नौकरी अथवा अन्य कार्यों में संलग्न रहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रचार वाहन नगरीय, कस्बाई क्षेत्रों एवं ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री हेतु जागरूक करेंगे, जिससे अधिक से अधिक किसान अपने गांव में उपस्थित रहते हुए पंजीकरण करा सकें। प्रचार वाहनों के माध्यम से किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की आवश्यकता, पंजीकरण प्रक्रिया तथा इससे प्राप्त होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी। यह भी अवगत कराया जाएगा कि जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनेगी, वे भविष्य में पीएम किसान सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं, इसलिए सभी किसान समय से अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। अभियान के सुचारु संचालन एवं प्रभावी मानिटरिंग हेतु कृषि विभाग द्वारा प्रत्येक तहसील के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं, जो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सफल बनाएंगे।
संयुक्त कृषि निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए अधिकतम किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!