खेल

ICC Rankings: ईशान किशन ने ICC बल्लेबाजी रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग, पाकिस्तान के ऑलराउंडर की बादशाहत खत्म

ईशान किशन आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 3 स्थान ऊपर आकर टॉप-5 में शामिल हो गए हैं. अभिषेक शर्मा नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं. पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को भी 2 स्थान का फायदा हुआ है, वह तीसरे नंबर पर आ गए हैं. टी20 ऑलराउंडर्स की लिस्ट में पाकिस्तान के ओपनर सईम अयूब की बादशाहत खत्म हो गई है, वह पहले से खिसककर दूसरे स्थान पर आ गए हैं.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 रन बनाने वाले अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में 3 मैचों में ‘डक’ आउट हुए थे. हालांकि इसका असर रैंकिंग में देखने को नहीं मिला. 877 रेटिंग पॉइंट्स के साथ अभिषेक अभी भी दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं. दूसरे नंबर पर 815 रेटिंग के साथ इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं, जो पाकिस्तान के खिलाफ शून्य पर आउट हुए थे. साहिबजादा फरहान 2 स्थान ऊपर आकर तीसरे नंबर पर आ गए हैं. पथुम निसांका एक स्थान नीचे लुढ़ककर चौथे नंबर पर आ गए. ईशान किशन की टॉप-5 में एंट्री हो गई है.

ईशान किशन टॉप-5 में शामिल

न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई सीरीज में शानदार प्रदर्शन करके ईशान किशन ने लंबी छलांग लगाई थी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए आखरी मैच को छोड़ दें तो टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका सफर अच्छा रहा है. इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में भी हुआ. 742 रेटिंग के साथ ईशान किशन लिस्ट में पांचवें नंबर पर आ गए हैं, वह पहले आठवें स्थान पर थे.

तिलक वर्मा 3 स्थान नीचे लुढ़ककर 7वें नंबर पर आ गए हैं, जिनका टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर बने हुए हैं.

सिकंदर रजा बने नए नंबर-1 ऑलराउंडर

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा (294 रेटिंग) आईसीसी टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में पहले स्थान पर आ गए हैं. सईम अयूब (281 रेटिंग) दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. हार्दिक पांड्या लिस्ट में तीसरे स्थान पर बने हैं. शिवम दुबे को 2 स्थान का फायदा हुआ है, वह 216 रेटिंग के साथ नौवें से सातवें स्थान पर आ गए हैं. अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी भी टॉप-10 में शामिल हो गए हैं, 209 रेटिंग के साथ वह लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं.

वरुण चक्रवर्ती नंबर-1 टी20 गेंदबाज

आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग की बात करें तो वरुण चक्रवर्ती 790 रेटिंग के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं. दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश 21 पायदान ऊपर आकर तीसरे नंबर पर आ गए हैं. वेस्टइंडीज के मैथ्यू फॉर्ड ने भी 23 पायदान की लंबी छलांग लगाई है. वह सातवें नंबर पर आ गए हैं. भारत के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 7 पायदान ऊपर आकर आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!