रमजान में सेहत से खिलवाड़, पैरों से गूंथा जा रहा था आटा, फूड डिपार्टमेंट ने की बड़ी कार्रवाई

रमजान के पाक महीने में लोगों की सेहत की सुरक्षा को लेकर नॉर्थ कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा शहर से एक चौंकाने वाली और परेशान करने वाली तस्वीर सामने आई है. फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की नियमित मार्केट चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने देखा कि एक बाहरी व्यक्ति खुलेआम अपने पैरों से बड़ी मात्रा में आटा गूंथ रहा था. तभी टीम के अन्य अधिकारियों ने उसे रोका और पूछताछ शुरू की.
जानकारी के मुताबिक इसी आटे से फेनी और समोसे जैसे खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे. जिनकी रमजान के दौरान इफ्तार में सबसे ज्यादा मांग रहती है. इस घटना ने साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रोजा खोलने के लिए बाजारों पर निर्भर आम लोग इस लापरवाही भरे दृश्य को देखकर सदमे में हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
टीम ने युवक को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार, मार्केट में टीम चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक गोदाम में जांच शुरू की. जैसे ही गोदाम में प्रवेश किया तो देखा एक आदमी पैरों से आटा गूंथ रहा था. संबंधित अधिकारियों ने उस पुरी घटना का वीडियो भी बना लिया. टीम ने गोदाम के अन्य कर्मचारियों से बात की. टीम को जब कुछ ठीक नहीं लगा तो उन्होंने तुरंत उस जगह पर प्रोडक्शन रोक दिया और उस आदमी को हिरासत में ले लिया. आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है ताकि यह पक्का किया जा सके कि फूड इंडस्ट्री से ऐसे ‘अमानवीय’ कामों को जड़ से खत्म किया जा सके.
टीम ने लोगों को सेहत का ध्यान रखने की दी सलाह
फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की कार्रवाई के बाद इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया हुई है और अधिकारियों ने वहां के लोगों को सलाह दी है कि वे खुली खाने की चीजें कहां से खरीदें, इस बारे में बहुत सावधान रहें. आपकी सेहत ही आपकी दौलत है और खासकर रोजे के दिनों में. इसलिए अपनी सेहत का ध्यान रखें.
ये भी पढ़िए- पटना यूनिवर्सिटी चुनाव: फूट-फूटकर क्यों रोने लगीं अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनुष्का कुमारी? जानें मामला



