राज्य

पटना में चौकीदार-दफादार पर हुए लाठीचार्ज पर भड़के चिराग पासवान, लिया बड़ा फैसला

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पटना में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे चौकीदारों पर हुई लाठीचार्ज की घटना पर भड़क गए. उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए इसे बेहद ही गंभीर और चिंताजनक बताया. लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष ने कहा कि वफादार कर्मियों की आवाज को दबाना सही नहीं है. चिराग पासवान ने ये भी कहा कि हमारी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इस मामले को लेकर डिप्टी सीएम और गृहमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करेगा. मैं खुद सीएम से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आग्रह करूंगा.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ”पटना में अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे चौकीदार-दफादार साथियों पर लाठीचार्ज की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है. गांवों की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ रहे इन वफादार कर्मियों की आवाज़ को बल प्रयोग से दबाना किसी भी संवेदनशील व्यवस्था के अनुरूप नहीं है.”

गृहमंत्री सम्राट चौधरी से मिलेगा चिराग की पार्टी का प्रतिनिधिमंडल

उन्होंने आग लिखा, ”यह घटना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है. चौकीदार-दफादार साथियों की समस्याओं तथा उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर हमारी पार्टी ने निर्णय लिया है कि सांसद अरुण भाटी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री से शीघ्र भेंट करेगा. यह प्रतिनिधिमंडल एक विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें उनकी उचित मांगों के समाधान, सेवा-संबंधी समस्याओं के स्थायी निराकरण तथा दोषी प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग शामिल होगी.”

गांवों की सुरक्षा करने वालों का सम्मान हो- चिराग पासवान

चिराग पासवान ने ये भी कहा, ”मैं खुद भी इस विषय पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर चौकीदार-दफादार साथियों की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करूंगा तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग करूंगा. सुधार के नाम पर वर्षों से सेवा दे रहे परिवारों की आजीविका और गरिमा से समझौता स्वीकार्य नहीं है. गांवों की सुरक्षा करने वालों का सम्मान और भविष्य सुरक्षित रखना समाज एवं सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है.”

23 फरवरी को चौकीदारों ने पटना में किया था प्रदर्शन

बता दें कि बिहार पुलिस के चौकीदारों ने सोमवार (23 फरवरी) को मानदेय में इजाफा और सेवा संबंधी सुधारों की मांग को लेकर पटना स्थित जेपी गोलंबर पर प्रदर्शन किया था. इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से बैरिकेड तोड़ने और डाकबंगला चौराहे की तरफ बढ़ने की कोशिश किए जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!