आजमगढ़

Azamgarh News:संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायका पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

अतरौलिया: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायका पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के गजेंधर पट्टी, भेदौरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, गजेंधर पट्टी, भेदौरा निवासी दिलीप प्रजापति की शादी 10 मई 2025 को अहरौला थाना क्षेत्र के धनेज पट्टी खजुरी गांव निवासी अंजली प्रजापति के साथ हुई थी। शादी के बाद अंजली अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। सोमवार रात उसकी तबीयत अचानक खराब होने की बात कही गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर अतरौलिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की भाभी रंजना प्रजापति ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी न होने पर अंजली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। रंजना ने यह भी आरोप लगाया कि अंजली को जान से मारने की धमकी दी जाती थी और पति के किसी अन्य युवती से संबंध को लेकर भी उसे परेशान किया जाता था।

मायका पक्ष का कहना है कि उन्हें फोन के माध्यम से अंजली की मौत की सूचना दी गई। जब वे मौके पर पहुंचे, तो शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मायका पक्ष ने पति दिलीप, ससुर हरीलाल और सास पर अंजली की हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!