राज्य

Gwalior News: बरेठा टोल प्लाजा पर बाइक सवार दो युवकों ने की फायरिंग, धमकी भरी चिट्ठी फेंकी

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दहशत फैलाने वाली घटना सामने आई है. जहां भिंड-इटावा नेशनल हाईवे 719 पर स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने फायरिंग कर धमकी भरी चिट्ठी फेंक दी. चिट्ठी में हाईवे निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि “या तो सड़क बनाओ, नहीं तो टोल हटाओ.” आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा. इसमें नेताओं, सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़े कदम की धमकी भी दी गई है. इसमें लिखा गया है कि नेताओं को भले ही अपने फ्लैट बेचने पड़े, लेकिन भिंड ग्वालियर हाईवे का काम शुरू होना चाहिए. अगर काम चालू नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा कदम उठाने के लिए तैयार हूं.

जानकारी के अनुसार, यह घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

बूथ पर गोली चलाने के बाद चिट्टी फेंककर फरार हुए बदमाश

जानकारी के अनुसार, बदमाश टोल बूथ पर गोली चलाने के बाद धमकी भरी चिट्ठी फेंककर मौके से फरार हो गए. चिट्ठी में जिस आकाश भदौरिया का जिक्र किया गया है. उसकी सात दिन पहले शिवरात्रि के दिन भिंड शहर के बाईपास पर सड़क हादसे में मौत हो गई थी. आकाश भदौरिया भिंड के विनोद नगर का रहने वाला था. शिवरात्रि को मंदिर में पूजा करने के बाद घर जाते समय उसकी बाइक को टैंकर ने टक्कर मार दी थी. जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी. भिंड जिले के संत समाज ने हाईवे चौड़ीकरण को लेकर बीते साल महीनों आंदोलन और भूख हड़ताल की. कई जनप्रतिनिधियों ने भी नितिन गडकरी को चौड़ीकरण करने की मांग की है. नितिन गडकरी ने भी एक कार्यक्रम के दौरान मंच से हाइवे 719 चौड़ा करने की घोषणा कर चुके हैं. लेकिन हाईवे चौड़ा नहीं हुआ है. भिंड ग्वालियर इटावा हाईवे पर लगातार मौत का आंकड़ा प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है.

सीसीटीवी जब्त कर पुलिस ने शुरू की जांच

टोल प्लाजा पर फायरिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. महाराजपुर थाना पुलिस ने सीसीटीवी जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना के सोशल मीडिया में आने के बाद लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देना शुरू कर दी है. बहुजन समाज पार्टी के स्थानीय नेता रक्षपाल सिंह ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी कर फायरिंग करने वाले युवकों को क्रांतिकारी बताते हुए आभार और धन्यवाद व्यक्त करते हुए लिखा है कि नेताओं और सरकार की आंखें खोलने वाला काम किया गया है. सरकार के लिए यह एक ज्वलंत मुद्दा है.

ये भी पढ़िए- पटना यूनिवर्सिटी चुनाव: फूट-फूटकर क्यों रोने लगीं अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनुष्का कुमारी? जानें मामला

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!