हापुड़: पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव, छतों से चली ईंटें, महिलाएं समेत 6 घायल

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर पथराव हुआ. दोनों ही पक्षों के लोग अपने-अपने घरों की छतों पर आ गये और एक-दूसरे पर जमकर ईंटों की बरसात की. इस पथराव में दो महिलाओं सहित छह लोगों के चोटें आईं हैं. इलाके में पथराव की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और उपद्रव कर रहे दोनों पक्षों के करीब चार लोगों को अपनी हिरासत में ले लिया. पुलिस ने इस मामले में 11 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है.
इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति काबू की और पथराव कर रहे लोगों को शांत किया. उधर अब इस पूरी घटना एके वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हैं. जिसमें लोग छतों से पथराव करते दिख रहे हैं.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के मौहल्ला राजीव नगर निवासी कुंवरपाल किसी शादी समारोह से लौटकर अपने घर आ रहे थे. तभी रास्ते में पड़ोस में रहने वाले सुंदर, अमित व अन्य युवकों ने उनसे अभद्रता की. आरोप है कि विरोध करने पर कुंवरपाल के साथ मारपीट की गई. इसकी जानकारी जब कुंवरपाल ने अपने परिवारीजनों को दी, तो सुबह में दोनों ही पक्षों के लोग अपने-अपने घरों की छतों पर आ गये और जमकर एक-दूसरे पर ईंटों की बौछार करने लगे. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
पथराव में चार घायल
इस पथराव में दो महिलाओं पूनम और परवीन सहित चार लोग कुंवरपाल, अंकित, राजेंद्र और अमरजीत घायल हुए हैं. जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में विवाद पुरानी रंजिश को लेकर हुआ, जिसके बाद दोनों ही पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया. पथराव किये जाने की वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 11 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और आरोपियों की गिरफ्तारी करनी शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.



