‘उमर खालिद और शरजील इमाम मुसलमान होने के कारण जेल में हैं’, बोलीं बनोज्योत्सना लाहिड़ी

दिल्ली दंगों के 6 साल पूरे हो गए. इस मौके पर सोमवार (23 जनवरी) को उमर खालिद की पार्टनर बनोज्योत्सना लाहिड़ी (Banojyotsna Lahiri) ने एबीपी न्यूज के साथ बातचीत में कहा कि उमर और शरजील इमाम मुसलमान होने के कारण जेल में हैं, ये मुख्य कारण है. उमर और शरजील निडर भी हैं इसलिए जेल में हैं.
कानून व्यवस्था पर अब भी हमारा भरोसा- बनोज्योत्सना लाहिड़ी
हालांकि बनोज्योत्सना लाहिड़ी ने ये भी कहा कि कानून व्यवस्था पर अब भी हमारा भरोसा है और मुझे पता है कि इंसाफ आज नहीं तो कल इसी क़ानून व्यवस्था से निकलेगा. उन्होंने कहा, ”हताशा और नाउम्मीदी जरूर है. दिल्ली दंगा Livestream दंगा था, किसने कॉल किया दंगे के लिए ये सबको पता है, जिसके बाद दंगा शुरू हो गया.”
‘CAA के खिलाफ प्रदर्शनकारियों पर चुन-चुन कर आरोप लगाए गए’
उन्होंने आरोप लगाते हुए आगे कहा, ”दंगे के एक महीने बाद उन लोगों के खिलाफ कॉल नहीं की गई जिन्होंने दंगों का कॉल दिया. बल्कि एंटी CAA प्रदर्शनकारियों के ऊपर चुन चुन कर आरोप लगाए गए. उनमें से कुछ लोग पहले से जेल में थे, कुछ शहर से बाहर थे, सबको लपेट लिए गया.”
UAPA के अंदर बेल मिलना बहुत मुश्किल-बनोज्योत्सना
बनोज्योत्सना ये भी कहा, ”आज 6 साल बाद उन आरोपों को ट्रायल में लाने की हिम्मत दिल्ली पुलिस नहीं जुटा पायी है. ये केस UAPA के अंदर है ,जिसके तहत बेल मिलना बहुत मुश्किल है. जब तक ट्रायल शुरू नहीं होता तब तक अमूमन बेल नहीं मिलती है.” दिल्ली दंगों के 6 साल पूरे होने पर प्रेस क्लब में कार्यक्रम रखा गया था. इस दौरान प्रेस कांफ्रेंस कर कई नेताओं ने भी अपनी बात रखी.
सितंबर 2020 में हुई थी उमर खालिद की गिरफ्तारी
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सितंबर 2020 में उमर खालिद को गिरफ्तार किया था. आरोप है कि उसने फरवरी 2020 में दिल्ली में बड़े पैमाने पर हिंसा की साजिश रची थी. इस मामले में यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया गया. उमर खालिद के साथ शरजील इमाम और कई अन्य लोगों पर भी इसी मामले में साजिशकर्ता होने का आरोप है.



