ग्रेटर नोएडा के दादरी में लाइनमैन की मौत के बवाल, परिजनों ने सड़क पर लाश रखकर किया प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा के दादरी में बिजली विभाग के लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई, इस घटना से गुस्साए बिजली कर्मचारियों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे-91 जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है, साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की. वहीं हंगामे की खबर मिलते बिजली विभाग और पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारी परिजनों को समझाने की कोशिश में जुटे रहे.
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के लाइनमैन रवि की करंट लगने से मौत हो गई. आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद लाइन में करंट चालू था, जिसकी चपेट में आने से लाइनमैन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से गुस्साए बिजली कर्मचारियों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे-91 जाम कर दिया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि नियमों के मुताबिक शटडाउन लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद लाइन में करंट कैसे आ गया, यह जांच का विषय है. कर्मचारियों का कहना है कि शटडाउन होने के बाद भी लाइन चालू थी, अधिकारियों की लापरवाही की वजह से रवि की जान गई है. गुस्साए कर्मचारियों और रवि के परिजनों ने शव को बादलपुर क्षेत्र में बिजली सब-स्टेशन के सामने सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे-91 जाम कर दिया.
हंगामे की सूचना पर पहुंचे अधिकारी
बिजली कर्मचारियों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार लाइनमैन इसी तरह अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन विभाग सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है. हाईवे जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. सूचना मिलते ही मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स और विद्युत विभाग के आला अधिकारी मौके पहुंचे, और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है.



