राज्य

दिल्ली: थप्पड़ का बदला लेने के लिए किया कत्ल, फैक्ट्री मालिक की हत्या के आरोप में 3 धराए

दिल्ली के आउटर-नॉर्थ जिले स्थित नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री के सह-मालिक की बेरहमी से की गई हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड की वजह महज एक ‘थप्पड़’ था. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पकड़ लिया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे गौतम कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय रवि अपनी फैक्ट्री (चौधरी एंटरप्राइजेज) से काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

हमलावरों ने रवि की गर्दन, कंधे और पीठ पर कई गहरे वार किए. खून से लथपथ रवि को आनन-फानन में नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

मजदूर ने अपमान का लिया खौफनाक बदला

पुलिस की सघन तफ्तीश में हत्या की मुख्य वजह एक पुराना विवाद निकला. जांच में खुलासा हुआ कि वारदात से एक दिन पहले फैक्ट्री में काम को लेकर रवि और एक मजदूर राहिद (उर्फ राहिल) के बीच तीखी बहस हुई थी. विवाद इतना बढ़ा कि रवि ने गुस्से में आकर राहिद को थप्पड़ मार दिया. सरेआम हुए इस अपमान से आगबबूला राहिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही मालिक को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रच डाली.

हथियार और बाइक बरामद, अन्य की तलाश जारी

हत्यारों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने जाल बिछाया और 22 फरवरी को होलंबी कलां के मेट्रो विहार इलाके से रितिक और अभय (उर्फ हनुमान) को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू, एक स्प्लेंडर प्लस बाइक और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और मामले की आगे की तफ्तीश जारी है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!