मालेगांव में किरीट सोमैया के दौरे का विरोध, मेयर-डिप्टी मेयर के बयान के बाद प्रशासन अलर्ट

मालेगांव में बीजेपी नेता किरीट सोमैया के 24 फरवरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है. मालेगांव की नवनिर्वाचित मेयर और डिप्टी मेयर ने किरीट सोमैया के इस दौरे का कड़ा विरोध करते हुए हाथ में डंडा और पैर में चप्पल पहनकर विरोध जताने का ऐलान कर दिया है. जिसके बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड़ पर आ गया है. मालेगांव की मेयर नसरीन शेख और डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद ने उनके दौरे का कड़ा विरोध करने की घोषणा की है.
मेयर नसरीन शेख ने कहा कि किरीट सोमैया वही व्यक्ति हैं जिन्होंने जन्म प्रमाणपत्र प्रकरण में मालेगांव का नाम बदनाम किया. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है.
हाथ में दंडा और चप्पल पहनकर करेंगे विरोध- मेयर
मेयर नसरीन शेख ने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी नगरसेवक, उपमहापौर और महापौर एकजुट होकर उनका विरोध करेंगे. उन्होंने कहा कि नगरसेवक हाथ में डंडा और पैर में चप्पल पहनकर विरोध के लिए तैयार रहेंगे. हम उन्हें मनपा में प्रवेश नहीं करने देंगे. उन्होंने कहा कि अब शहर में प्रशासक राज नहीं, बल्कि जनता का राज है और जनता ने उन पर भरोसा जताया है. इसलिए शहर की बदनामी करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
SIT रिपोर्ट पर उठ रहे सवाल
मेयर ने यह भी कहा कि जन्म प्रमाणपत्र प्रकरण में 1044 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. लेकिन अब तक SIT की रिपोर्ट सामने नहीं आई है. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि सभी जानकारी प्रोटोकॉल के अनुसार दी जानी चाहिए. अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, किरीट सोमैया के दौरे को लेकर मालेगांव में राजनीतिक माहौल गर्म है और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़िए- Supaul News: बिहार के सुपौल में जिंदा जलकर मां-बेटी की मौत, देर रात धधकी आग, कई घर चपेट में आए



