पानीपत: 12 घंटे ड्यूटी विवाद पर भड़के कर्मचारी, रिफाइनरी परिसर में प्रदर्शन के बाद अफरातफरी

हरियाणा के पानीपत जिले में स्थित रिफाइनरी क्षेत्र उस वक्त हिंसा का केंद्र बन गया, जब हड़ताल पर बैठे हजारों कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के बीच हालात बेकाबू हो गए. शांतिपूर्ण धरने की अपील के बाद अचानक माहौल बदल गया और लाठी-डंडों से लैस श्रमिक आगे बढ़ते हुए सुरक्षा बलों पर पथराव करने लगे.
देखते ही देखते हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हिंसक भीड़ ने न सिर्फ पथराव किया, बल्कि निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के पास खड़ी कई गाड़ियों को पलट दिया और जमकर तोड़फोड़ की. घटना से पूरे रिफाइनरी परिसर में दहशत फैल गई. सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
इन मांगों को लेकर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी क्षेत्र में किसी तरह CISF और जिला स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और कर्मचारियों को शांत किया. इसके बाद कर्मचारियों के प्रदर्शन को लीड कर रहे उनके लीडर्स से पुलिस ने बातचीत की. प्रदर्शन के लीडर्स ने पुलिस के सामने कर्मचारियों की मांगों को रखा. उन्होंने कहा कि कर्मचारी 12 घंटे की ड्यूटी को 8 घंटे करने और वेतन वृद्धि साथ-साथ अंदर टॉयलेट की अच्छी व्यवस्था की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे. संबंधित अधिकारियों ने जब कर्मचारियों की मांग को नजर अंदाज कर दिया. इसी दौरान ये पूरा हंगामा हुआ.
शिकायत मिलने पर अमल में लाई जाएगी कार्रवाई- डीएसपी
वहीं रिफाइनरी में कर्मचारियों द्वारा तोड़फोड़ और पथराव मामले में डीएसपी सतीश वत्स ने बताया फिलहाल मामला बिल्कुल शांत है. अभी तक हमारे पास किसी भी पक्ष द्वारा शिकायत नहीं दी गई है. जैसे ही हमें शिकायत मिलेगी उसी अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौका संभालकर मामले को शांत करवा दिया है.
ये भी पढ़िए- Supaul News: बिहार के सुपौल में जिंदा जलकर मां-बेटी की मौत, देर रात धधकी आग, कई घर चपेट में आए



