ग्रेटर नोएडा में फ्लैट बुकिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, खरीदारों से 3 करोड़ से अधिक ठगे, केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर—1 में फ्लैट की बुकिंग के नाम पर खरीदारों से तीन करोड़ 35 लाख से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है. एक ही परिवार के लोगों ने बिल्डर प्रोजेक्ट में 14 फ्लैट बुक किए. फर्जी दस्तावेज दिखाते हुए बिल्डर ने चार फ्लैट उस ब्लॉक में दिखाए, जो बनना ही नहीं था. पीड़ित की तहरीर पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने गायत्री हस्पिटैलिटी एंड रियलकन लिमिटेड के निदेशक हरिओम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
गौरतलब है कि नोएडा के सेक्टर—78 निवासी विनोद कुमार गुप्ता और उनके परिवार के अन्य लोगों ने गायत्री हस्टिपैलिटी एंड रियलकन लिमिटेड बिल्डर के प्रोजेक्ट में 14 फ्लैट बुक कराए थे. बुकिंग के दौरान तय समय में कब्जा देने की बात कही. बिल्डर की बातों पर विश्वास करते हुए उन्होंने तीन करोड़ 35 लाख 53 हजार 240 रुपये फ्लैटों के एवज में बिल्डर को दे दिए. फ्लैटों के नंबर और ब्लॉक भी उन्हें अलॉट कर दिया. अब समय पर फ्लैट नहीं दिए तो छानबीन की गई.
बिल्डर ने फर्जी नक्शा और कागजात दिखाकर की ठगी
वहीं आरोप है कि जिन ब्लॉक में फ्लैट बुक किए, उनमें से एक बनना ही नहीं था. आरोप है कि बिल्डर ने फर्जी नक्शा और अन्य कागजात दिखाकर उनके साथ ठगी की है. अब 11 जनवरी 2019 में एनसीएलटी में गए तो बिल्डर ने 14 में से सात फ्लैट उनके और परिवार वालों के नाम पर दर्शाए गए. तीन फ्लैट की जानकारी ही नहीं दी गई, जबकि चार किसी और के नाम दिखाए गए. एल ब्लॉक में उनके चार फ्लैट बुक किए, जो बनना ही नहीं था.
एक अन्य मामले में 59 लाख से अधिक की ठगी
उधर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी फ्लैट बेचने के नाम पर 59 लाख से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है, सेक्टर—16 सी महागुन मायवुड्स निवासी अरुण मन्नी की तरफ से बिसरख कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है. पीड़ित की तहरीर पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.



