बिहार NDA में शराबबंदी पर कलह! BJP की मांग पर नीतीश कुमार की पार्टी ने साफ किया अपना स्टैंड

बिहार में लागू शराबबंदी कानून पर प्रदेश में जमकर बयानबाजी हो रही है. एनडीए में ही कलह वाली तस्वीर दिख रही है. राष्ट्रीय लोक मोर्चा और जीतन राम मांझी के बाद बीजेपी विधायक विनय बिहारी की ओर से शराबंबदी पर दिए गए बयान के बाद सियासत तेज हो गई है. नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने एक बार फिर क्लियर कट जवाब दे दिया है.
दरअसल रविवार (22 फरवरी, 2026) को बीजेपी विधायक विनय बिहारी ने यह कहा है कि शराबंबदी ठीक से लागू हो नहीं तो पहले जैसा था वैसा कर दिया जाए. इस पर जेडीयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि राष्टपिता महात्मा गांधी की विचारों के अनुरूप चलकर एक मजबूत इकबाल का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी कानून को बिहार में लागू किया है. समय-समय पर इसमें समीक्षा होती है, लेकिन समीक्षा की आर में इसमें ढिलाई देने की बात, छूट देने की बात या इसे समाप्त करने की बात पूरी तरह बेईमानी है. ऐसा कतई संभव नहीं है.
अभिषेक झा ने कहा कि सबके सुझावों का स्वागत है. अब कौन क्या बयान देते हैं, वो (विनय बिहारी) व्यक्तिगत मामला है. उस पर टीका-टिप्पणी करने का कोई औचित्य नहीं है.
‘समाज के हित में शराबंबदी का फैसला’
विनय बिहारी के शराबबंदी कानून को लेकर दिए गए बयान पर बिहार बीजेपी के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा, “विनय बिहारी जी ने जो चिंता व्यक्त की है वह जमीनी स्तर की चुनौतियों की ओर संकेत कर रहे हैं, लेकिन बिहार में शराबबंदी का फैसला समाज के हित में लिए लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से लाखों परिवारों का घर बर्बाद होने से बचा है. महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिला है. बीजेपी का स्पष्ट मत है कि शराबबंदी कानून लागू रहेगा. इसको और प्रभावशाली बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.”
प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि जहां भी अवैध कारोबार हो रहा है वहां सख्ती से कार्रवाई हो रही है. इसमें आगे भी और कड़े कदम उठाए जाएंगे. सुधार की गुंजाइश हर नीति में होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम सामाजिक सुधार को खत्म कर दें. हमारा लक्ष्य है शराब मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध बिहार.
यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार के सबसे बड़े फैसले के विरोध में BJP? शराबबंदी कानून को लेकर कर दी ये मांग



