बिहार: बिहटा में बालू माफिया का आतंक, खनन विभाग की टीम पर हमला

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित परेव सोन बालू घाट पर अवैध खनन की सूचना पर पहुंची जिला खनन विभाग की टीम पर हमला किया गया. बताया जा रहा है कि अवैध बालू ढुलाई में लगे ट्रैक्टर को छुड़ाने को लेकर यह घटना हुई. जैसे ही खनन विभाग की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पूरे मामले से इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बालू माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, जिला खनन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिल रही थी कि बिहटा के परेव बालू घाट अवैध बालू का खनन और कारोबार चल रहा है. जिसके बाद रविवार (22 फरवरी) को टीम के द्वारा छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से लगभग एक दर्जन बालू लदा ट्रैक्टर को जब्त किया था. जिसके बाद बालू माफियाओं के लोगों के द्वारा टीम पर ईट पत्थर से हमला किया. हमला के दौरान मौके से माफियाओं ने 25 से तीस बालू लदा ट्रैक्टर को लेकर भाग निकले. लेकिन एक ट्रैक्टर को टीम ने जब्त कर लिया. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बिहटा थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद मामला शांत हुआ. हालांकि इस घटना में एक गृह रक्षक जवान जितेंद्र कुमार मामूली रूप से जख्मी बताया जा रहा है.
पुलिस ने 50 से अधिक लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला
घटना को लेकर जिला खनन इंस्पेक्टर गोविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि परेव बालू घाट पर अवैध खनन का कारोबार चल रहा है. सूचना मिलने के बाद जब हम लोग मौके पर पहुंचे तो 25 से 30 बालू के ट्रैक्टर घाट पर थे और बालू लोड किया जा रहा था. इसी दौरान जब हम लोग मौके पर पहुंचे तब अचानक लोगों के द्वारा हमला किया गया. जिसमें एक गृह रक्षक जवान जितेंद्र कुमार जख्मी हुए. फिलहाल घटना को लेकर खनन इंस्पेक्टर ने थाने में 50 से अधिक अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कराया है.
घटना को लेकर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि परेव बालू घाट पर छापेमारी के दौरान जिला खनन विभाग की टीम पर हमला हुआ. सूचना मिलने के बाद थाने से कई पुलिस की टीम मौके पहुंची और मामला को शांत कराया. फिलहाल इस संबंध में थाने में आवेदन दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़िए- नीतीश कुमार की बढ़ी टेंशन! शराबबंदी पर अब BJP बोली- ‘…जैसा पहले था वैसे कर दिया जाए’



