Maharashtra: सरकारी नौकरी का दिया लालच, दो युवकों से ठगे 78 लाख रुपए, केस दर्ज

Maharashtra News: महाराष्ट्र के धुले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये ठगने का बड़ा मामला सामने आया है. इस संबंध में चालीसगांव रोड पुलिस स्टेशन और वेस्ट देवपुर पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं. दोनों मामलों में कुल ठगी की रकम 78 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है, जिससे पुलिस भी हैरान है.
इस मामले में वेदांत संजय मोरनकर (निवासी अंबिका नगर, चालीसगांव रोड, धुले) ने चालीसगांव रोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक कुछ अज्ञात लोगों ने मोबाइल फोन के जरिए संपर्क कर उन्हें हेल्थ डिपार्टमेंट, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट में नौकरी दिलाने का लालच दिया.
नकली अपॉइंटमेंट लेटर देकर 61 लाख की ठगी
आरोपियों ने पोस्ट, ई-मेल और व्यक्तिगत रूप से नकली अपॉइंटमेंट ऑर्डर लेटर देकर भरोसा जीता. इसके बदले वेदांत मोरनकर से 39 लाख 74 हजार 500 रुपये ऑनलाइन और 22 लाख रुपये नकद वसूले गए. इस तरह कुल 61 लाख 74 हजार 500 रुपये की ठगी की गई. यह फर्जीवाड़ा 3 मई 2023 से 5 फरवरी 2025 के बीच उनके अंबिका नगर स्थित घर और ऑनलाइन माध्यम से किया गया.
जब वेदांत को पता चला कि उन्हें दिए गए अपॉइंटमेंट लेटर नकली हैं, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और जांच में बाधा न आए, इसलिए फिलहाल आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं.
दूसरे मामले में 17 लाख की ठगी
इसी तरह एक ओर मामला धुले से सामने आया है, यहां सोनाली किशोर सालुंखे (निवासी सत्संग कॉलोनी, गोंडूर रोड, धुले) ने वेस्ट देवपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक उनकी बहन के बेटे रोहित किरण खैरनार को एक्साइज डिपार्टमेंट में नौकरी दिलाने का वादा किया गया और इसके बदले 17 लाख रुपये नकद लिए गए. साथ ही उसे फर्जी जॉइनिंग ऑर्डर भी दिया गया.
जब यह सामने आया कि यह पूरा मामला धोखाधड़ी है, तो सोनाली सालुंखे ने पुलिस से संपर्क किया. इस केस में रोशन राजाराम सैन्दाने (सताना), तिलकचंद अंबर पाटिल, हेमराज तिलकचंद पाटिल, प्रतिभा तिलकचंद पाटिल (शिंदखेड़ा, रहीमपुर) और किरण (पूरा पता अज्ञात) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में बताया गया है कि यह ठगी जनवरी 2024 से लगातार चल रही थी.
एक ही दिन दर्ज हुए दोनों केस, गैंग का शक
दिलचस्प बात यह है कि चालीसगांव रोड और वेस्ट देवपुर पुलिस स्टेशन में ये दोनों मामले एक ही दिन दर्ज किए गए. हालांकि दोनों केस अलग-अलग हैं, लेकिन ठगी का तरीका लगभग एक जैसा होने से पुलिस को किसी संगठित गिरोह के सक्रिय होने का शक है.
फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है और कॉन्फिडेंशियल जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जाएगा और ठगी में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.



