राज्य

‘लास्ट डे जिंदगी का, सब हैप्पी रहो’, इंस्टाग्राम पर युवक ने डाली पोस्ट तो पुलिस ने बचाई जान

अमरोहा जनपद में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सभी को चौंका दिया. एक युवक ने हाथ में कीटनाशक दवा की बोतल लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “लास्ट डे जिंदगी का, सब हैप्पी रहो.” जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, हड़कंप मच गया. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाई.

बताया जा रहा है कि पोस्ट की जानकारी लखनऊ पुलिस मुख्यालय तक भी पहुंची. वहां से तुरंत अमरोहा जिले के रजबपुर थाने को अलर्ट किया गया. सूचना मिलते ही रजबपुर पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस टीम ने तेजी से युवक की लोकेशन ट्रेस की और महज 10 मिनट के अंदर उसके घर पहुंच गई.

समझाकर रोका, कराई काउंसलिंग

पुलिस ने समय रहते युवक को कीटनाशक दवा पीने से रोक लिया. शुरुआती बातचीत में पता चला कि युवक बेरोजगारी से परेशान था और मानसिक तनाव में चल रहा था. पुलिस ने उसे समझाया-बुझाया और परिजनों को मौके पर बुलाकर काउंसलिंग कराई. प्राथमिक उपचार के बाद युवक को सुरक्षित उसके परिवार के हवाले कर दिया गया.

रजबपुर थाना प्रभारी कोमल तोमर ने शुक्रवार (20 फरवरी) शाम करीब 5 बजे बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह के पोस्ट को हल्के में नहीं लेना चाहिए. अगर कोई व्यक्ति मानसिक तनाव में है तो परिवार और दोस्तों को उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए. जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए.

सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी

यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि अगर लोग सतर्क रहें और पुलिस समय पर कार्रवाई करे तो बड़ी घटना को टाला जा सकता है. मानसिक तनाव किसी को भी हो सकता है, ऐसे में अपनों का साथ और समय पर मदद बहुत जरूरी है.

अगर आप या आपका कोई परिचित परेशान है, तो चुप न रहें. परिवार, दोस्तों या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें. छोटी सी कोशिश किसी की जिंदगी बचा सकती है.

Input By : मोहम्मद हारिस

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!