भरतपुर: सड़क पार कर रहे परिवार को बुलेट ने मारी टक्कर, महिला-बाइक सवार की मौत, 3 घायल

राजस्थान के भरतपुर जिले में नेशनल हाईवे-21 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. सेवर थाना क्षेत्र के लुधावई गांव के पास एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रहे एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य महिला और दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हैं.
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार (19 फरवरी) देर रात की है. उच्चैन थाने के बरकोली गांव निवासी 58 वर्षीय सुशीला पत्नी ओमप्रकाश अपने बड़े बेटे की ससुराल (लुधावई) में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थीं. बस से उतरने के बाद वह अपनी बहू जय देई और दो पोतियों (अनिष्का और सरिता) के साथ पैदल सड़क पार कर रही थीं. तभी अचानक एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया.
50 मीटर तक घिसटता गया बाइक सवार
सेवर थाने के ASI वृंदावन सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया और सभी लोग सड़क पर बुरी तरह गिरकर घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी.
अस्पताल में दो को किया गया मृत घोषित
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पांचों घायलों को तुरंत जिला आरबीएम (RBM) अस्पताल पहुंचाया. जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने सुशीला और बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया. मृत बाइक चालक की पहचान 37 वर्षीय वीरेंद्र सिंह (पुत्र गीतम सिंह) के रूप में हुई है. वीरेंद्र उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले (थाना गोंडा, गांव सिकतरी) का रहने वाला था. वह मेहंदीपुर बालाजी में एक होटल चलाता था और घटना के वक्त अपने गांव लौट रहा था.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे
पुलिस ने वीरेंद्र के पास मिले दस्तावेजों से उसके परिजनों को सूचना दी. आज दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं, घायल बहू जय देई और दोनों बच्चियों (अनिष्का और सरिता) का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस दुखद घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं.



