भीषण सड़क हादसे में घायल पत्रकार सीनियर का सफल ऑपरेशन, डॉ. फरहान अहमद ने बचाई जान


आजमगढ़–वाराणसी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जहां एक ओर अफरा-तफरी का माहौल था, वहीं दूसरी ओर त्वरित और कुशल चिकित्सा व्यवस्था ने मानवता की मिसाल पेश की। रानी की सराय थाना क्षेत्र के रायपुर के पास अनियंत्रित लावारिस पशु के आने के बाद कार के डिवाइडर से टकराने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों में राष्ट्रीय न्यूज सर्विस के ब्यूरो चीफ एवं हिंद एकता टाइम्स के चीफ एडिटर आफताब आलम, उनके पुत्र अजमत शेख, बॉम्बे अलमीरा के मालिक अहमद राजा शेख तथा चालक लुकमान अलाउद्दीन शामिल थे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर भेजा गया।
गंभीर रूप से घायल आफताब आलम को आजमगढ़ शहर के बिलरिया की चुंगी स्थित आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एच.एम. सर्जिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां वरिष्ठ सर्जन डॉ. फरहान अहमद की देखरेख में उनका उपचार प्रारंभ हुआ।
बुधवार की रात लगभग चार घंटे चले जटिल ऑपरेशन को डॉ. फरहान अहमद ने अपनी विशेषज्ञता, धैर्य और अनुभव से सफलतापूर्वक संपन्न किया। डॉक्टर की तत्परता और कुशल सर्जिकल दक्षता के चलते मरीज की स्थिति में सुधार आया। अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सा टीम की समन्वित कार्यशैली ने यह साबित कर दिया कि आपातकालीन परिस्थितियों में सही नेतृत्व और समर्पण कितनी बड़ी भूमिका निभाता है।
स्थानीय लोगों ने डॉ. फरहान अहमद और एच.एम. सर्जिकल हॉस्पिटल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की टीम के कारण आजमगढ़ में ही उच्च स्तरीय इलाज संभव हो पा रहा है।
यह घटना जहां सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश देती है, वहीं डॉ. फरहान अहमद जैसे समर्पित चिकित्सकों की सेवा भावना और उत्कृष्ट चिकित्सा कौशल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।



