राज्य

मुरादाबाद: लिफ्ट देकर हमदर्दी जताना पड़ा भारी, बाइक पर बैठने के विवाद में पड़ोसी का रेता गला

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक को अपने ही पड़ोसी को हमदर्दी में बाइक पर लिफ्ट देना भारी पड़ गया. शराब के नशे में धुत पड़ोसी बाइक पर ठीक से नहीं बैठ रहा था, जिससे बिगड़े संतुलन और कहासुनी के बाद मोटर साइकिल चालक ने ब्लेड से उसका गला रेत दिया. पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना मूंढापांडे थाना क्षेत्र की है.

सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज

मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 11 जनवरी को मूंढापांडे इलाके में दलपतपुर गत्ता फैक्ट्री के पास हाईवे के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे एक अज्ञात शव मिला था. गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे. मृतक की शिनाख्त सुमित उर्फ भूरा के रूप में हुई, जो मुरादाबाद की एक फैक्ट्री में काम करता था.

पुलिस की जांच

पुलिस ने जांच शुरू की और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाले. फुटेज में दिखा कि 10 जनवरी की रात हनुमान मूर्ति तिराहे के पास सुमित के पड़ोस में रहने वाले आकाश ने उसे अपनी बाइक पर बैठाया था.

हिलने-डुलने पर हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी आकाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. जांच में सामने आया कि मृतक सुमित शराब के नशे में था और बाइक पर पीछे बैठकर लगातार हिल-डुल रहा था, जिससे मोटर साइकिल का बैलेंस बिगड़ रहा था.

आकाश ने उसे ठीक से बैठने को कहा, जिस पर दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई. गुस्से में आकर आकाश ने अपने पास रखे स्टील के ब्लेड से सुमित का गला काट दिया और शव को हाईवे किनारे फेंक कर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल स्टील ब्लेड और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. आरोपी का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है.

पत्नी ने जताई साजिश की आशंका

इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है. मृतक सुमित की पत्नी ने पुलिस की थ्योरी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उसका पति शारीरिक रूप से आरोपी से ज्यादा ताकतवर था. पत्नी का दावा है कि अकेला आकाश उसे नहीं मार सकता, इस हत्याकांड में जरूर कोई और भी शामिल है.

पीड़ित पत्नी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच हो. साथ ही, उसने सरकार से अपनी सुरक्षा और आर्थिक मदद की गुहार लगाई है, क्योंकि परिवार में सुमित ही एकमात्र कमाने वाला था और अब उसकी तीन छोटी बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी आकाश को जेल भेज दिया है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!