मुस्लिम कर्मचारियों के लिए BJP सरकार का फैसला, ऑफिस से एक घंटे पहले मिलेगी छुट्टी

रमजान को लेकर छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. रमजान के दौरान सरकारी मुस्लिम कर्मचारियों को निर्धारित समय से एक घण्टे पहले ऑफिस छोड़ने की अनुमति दी है. सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया. ये आदेश शासकीय कार्यालयों के साथ ही अर्ध शासकीय कार्यालयों और निगम मंडलों के कर्मचारियों पर भी लागू होगा.
छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में चांद दिखने की पुष्टि के बाद गुरुवार (19 फरवरी) से रमजान का पवित्र महीना शुरू हो गया है. ऐसा माना जाता है कि रमजान इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है, जिसमें मुस्लिम सुमदाय के लोग सुबह से शाम तक रोज रखते हैं और नमाज पढ़ते हैं.
मुस्लिम समुदाय के लिए रमजान बेहद ही पवित्र महीना
रमजान को रहमत यानी कि दया, मगफिरत यानी माफी और नजात यानी मुक्ति का महीना माना जाता है. रमजान के दौरान मुस्लिम समुदाय में इफ्तार और सहरी की परंपरा खास तौर से देखी जाती रही. इस दौरान लोग गरीबों को दान भी देते हैं. कुरान और नमाज पढ़ने के अलावा चैरिटी और सामाजिक सद्भाव पर जोर दिया जाता है. ऐसा माना जाता है कि अगर कोई पूरी सिद्दत के साथ रमजान के तीस रोजे रखे तो अल्लाह उस इंसान के सारे गुनाहों को माफ कर देता है.
मुस्लिम समुदाय के लोगों का मानना है कि इस मुबारक महीने का पहला हिस्सा रहमत है, दूसरा माफी है और तीसरा मोक्ष का रास्ता है. कुल मिलाकर यह इबादत के लिए बहुत मुबारक महीना है.



