रीना पासवान की राजनीति में होगी एंट्री? चिराग पासवान ने कर ली तैयारी, BJP से मुहर का इंतजार!

बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें खाली होने वाली हैं. 16 मार्च (2026) को मतदान होना है. अधिसूचना जारी होने के साथ ही बिहार में सियासत भी शुरू हो गई है. सवाल है कि क्या मौजूदा सांसद रिपीट होंगे? अगर नहीं होंगे तो किसे मौका मिलेगा? ऐसी बातों की चर्चा शुरू हो गई है.
पांच सीटों पर मजबूत दावा भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड का है. बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद ही यह तय माना जा रहा था कि खाली हो रही राज्यसभा सीटों में से दो पर जेडीयू तो दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी अपने उम्मीदवारों को राज्यसभा भेजेगी. वहीं एक अन्य सीट पर यह दोनों पार्टियां अपने सहयोगी दलों को एडजस्ट करेंगी, लेकिन इस एक सीट पर दावेदार तीन दल हैं.
बीजेपी-जेडीयू को छोड़ कौन-कौन दावेदार?
चिराग पासवान की पार्टी दावेदारी में पहले नंबर पर है, दूसरे नंबर पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और तीसरे पर उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी है. हालांकि उपेंद्र कुशवाहा की दावेदारी को हल्के में नहीं ले सकते हैं. उनकी दावेदारी इसलिए भी मजबूत होती है क्योंकि वह बीजेपी कोटे से ही राज्यसभा गए हैं. 2025 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को कम सीट मिली तो चर्चा तेज हुई थी कि उपेंद्र कुशवाहा को एक राज्यसभा और एक बिहार विधान परिषद की सीट मिल सकती है.
बात चिराग पासवान की करें तो बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उनकी पार्टी 35 सीटों पर दावा ठोक रही थी. एनडीए में जब सीटों का फॉर्मूला सामने आया उसके बाद चिराग पासवान की नाराजगी दिखने लगी थी. डैमेज कंट्रोल के लिए दिल्ली से दो प्रमुख नेताओं को चिराग पासवान को समझाने और मैनेज करने के लिए भेजा गया था. इसके बाद चिराग पासवान 29 सीटों पर मान गए. 19 सीटों पर पार्टी जीती. ऐसे में एक सीट राज्यसभा की मिल सकती है. चुनाव के दौरान चिराग पासवान और उनकी पार्टी के बारे में कहा जाने लगा था कि बीजेपी की ओर से आश्वासन मिला है कि उन्हें एक राज्यसभा सीट दी जाएगी.
चिराग को मिला ऑफर तो किसे भेजेंगे राज्यसभा?
ऐसे में सबसे बड़ी बात है कि चिराग पासवान अपनी पार्टी से किसे भेजेंगे? क्योंकि एनडीए में चिराग पासवान को कोई दल नाराज नहीं कर सकता है. ऐसे में एक सीट जो है वह एलजेपीआर को दी जा सकती है. यानी चिराग पासवान किसी को राज्यसभा भेज सकते हैं. चर्चा यह भी है कि अगर राज्यसभा की एक सीट एलजेपी रामविलास के पाले में आती है तो इस सीट से वे अपनी मां रीना पासवान को राजसभा भेज सकते हैं. एक सीट के लिए चिराग पासवान और पार्टी अंदर ही अंदर तैयारी में लगी है.
दूसरी ओर एनडीए गठबंधन को कोसने वाले जीतन राम मांझी भी दावेदार हैं. विधानसभा चुनाव के दौरान सीट बंटवारे के दौरान उन्होंने सवाल खड़ा किया था. ऐसे में वह भी राज्यसभा की एक सीट के लिए दावा ठोकेंगे.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा नहीं जा पाएंगे हरिवंश नारायण और रामनाथ ठाकुर! जान लीजिए नीतीश कुमार का ‘नियम’



