Azamgarh News: हाईवे दुर्घटना में घायल पत्रकार व पुत्र का सफल ऑपरेशन, हिन्द एकता टाइम्स परिवार ने डॉक्टर फरहान के प्रति जताया आभार


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना अंतर्गत स्थित आजमगढ़ वाराणसी हाई वे पर शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें राष्ट्रीय न्यूज सर्विस (RNS) के जिला ब्यूरो चीफ व हिंद एकता टाइम्स के चीफ एडिटर तथा उनके मित्र व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद समय पर उपचार और डॉक्टरों की मेहनत से घायल की जान बच गई, जिसके लिए परिजनों ने चिकित्सक के प्रति आभार व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय न्यूज सर्विस (RNS)के जिला ब्यूरो चीफ व हिंद एकता टाइम्स के चीफ एडिटर अपने मित्र अहमद रजा शेख तथा पुत्र अजमत शेख के साथ किया सेल्टोस कार से जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे। रानी की सराय हाईवे पर अचानक सड़क पर लावारिस गाय आ जाने से चालक लुकमान ने गाय को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज ब्रेक लगने से वाहन का टायर क्षतिग्रस्त हो गया और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में हिंद एकता टाइम्स के चीफ एडिटर व राष्ट्रीय न्यूज सर्विस(RNS) के जिला ब्यूरो चीफ तथा उनके पुत्र अजमत शेख सहित तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने घायल को बिलरियागंज चुंगी स्थित एच एम सर्जिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
यहां पूर्वांचल के अनुभवी एवं कुशल चिकित्सक डॉ. फरहान ने अपनी टीम के साथ लगभग पांच घंटे तक कठिन ऑपरेशन कर घायल के पैर की सफल सर्जरी की। लंबे और जटिल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। सफल ऑपरेशन के बाद हिंद एकता टाइम्स परिवार एवं परिजनों ने डॉक्टर फरहान और उनकी मेडिकल टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर की तत्परता, अनुभव और समर्पण की बदौलत मरीज को नया जीवन मिला है। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर घूम रहे लावारिस पशुओं को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।



