इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का उद्घाटन करेंगे PM मोदी, 20 से ज्यादा देशों के नेता करेंगे शिरकत, जानें क्या-क्या होगा खास?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (19 फरवरी 2026) को नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन करेंगे. ग्लोबल साउथ में पहली बार इस तरह का कार्यक्रम हो रहा है. पीएम मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और दुनियाभर के टॉप उद्योगपति भी उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे. इसका उद्देश्य भारत को एआई के क्षेत्र में अग्रणी देश के रूप में स्थापित करना और एक ऐसे भविष्य की कल्पना करना है, जहां एआई मानवता को आगे बढ़ाए, समावेशी विकास को बढ़ावा दे और हमारी साझा धरती की रक्षा करे.
गूगल के सीईओ ने किया भारत में निवेश का ऐलान
पीएम मोदी ने बुधवार (18 फरवरी 2026) को कई विश्व नेताओं के साथ नौ द्विपक्षीय बैठकें कीं. उन्होंने स्पेन, फिनलैंड, सर्बिया, क्रोएशिया, एस्टोनिया, कजाकिस्तान और भूटान के नेताओं से मुलाकात की. प्रधानमंत्री ने हैदराबाद हाउस में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और सन माइक्रोसिस्टम्स के संस्थापक विनोद खोसला से भी मुलाकात की. गूगल के सीईओ ने अगले पांच सालों के दौरान भारत में करीब $15 बिलियन (1,360 अरब रुपये) का निवेश करने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि भारत एआई के क्षेत्र में शानदार प्रगति करने वाला है और हम इसमें भागीदार बनना चाहते हैं.
स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ अलग-अलग बैठकें कीं. पीएम मोदी ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ (EU) फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) ने भारत-यूरोप संबंधों में एक स्वर्णिम युग की शुरुआत की है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक एआई-जनरेटेड तस्वीर शेयर की. इमैनुएल मैक्रों ने तस्वीर के साथ लिखा कि जब दोस्त जुड़ते हैं तो इनोवेशन होता है.
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट ने बनाया गिनीज रिकॉर्ड
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत ने 24 घंटे में एआई रिस्पांसिबिलिटी कैंपेन के लिए सबसे अधिक संकल्प प्राप्त करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया है. इस पहल के तहत प्रतिभागियों को डेटा गोपनीयता, जवाबदेही, पारदर्शिता और गलत सूचना से निपटने जैसे महत्वपूर्ण सिद्धांतों पर विचार करने के लिए प्रेरित किया गया.
इंडिया एआई समिट में भारतीय सेना ने दुनिया के सामने मेक इन इंडिया टेक्नोलॉजी पेश की, जिसका फायदा सेना के साथ-साथ आम लोगों को भी मिलेगा. सेना ने ऐसा एआई एग्जाम सिस्टम का प्रदर्शन किया, जो परीक्षा की कॉपी जांच करने से लेकर फीडबैक तैयार करने तक का काम कर सकता है. इसके अलावा आर्मी ने लैंडस्लाइड, बाढ़ और हिमस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं की सटीक जानकारी तीन से सात दिन पहले तक जुटाने वाला सिस्टम भी दिखाया.
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का पूरा शिड्यूल
पीएमओ ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि पीएम मोदी 19 फरवरी को ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 2026’ का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही वह शिखर सम्मेलन में शामिल कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12 बजे से शुरू होने वाली नेताओं की पूर्ण बैठक में भाग लेंगे. इसमें राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और बहुपक्षीय संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे जो एआई से जुड़ी राष्ट्रीय और वैश्विक प्राथमिकताओं जैसे शासन व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विचार रखेंगे. इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे से पीएम मोदी कंपनियों के सीईओ की बैठक में भाग लेंगे.



