पीलीभीत: भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी, निरस्त करने की मांग

किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह सैकड़ों किसानों के साथ पीलीभीत पहुंचे, यहां उन्होंने किसान दिवस को लेकर डीएम के साथ जिले के अफसरों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों का ‘डेथ वारंट’ बताया है. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर इसे रद्द नहीं किया गया तो डील के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
इस दौरान उन्होंने भारत अमेरिका की ट्रेड डील को लेकर सरकार को चेतावनी दी है. उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को सरकार द्वारा भारत के किसानों का डेथ वारंट बताया है. उन्होंने सरकार ने इस व्यापारिक समझौते को निरस्त करने की मांग की है, ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.
बैठक में डीएम के सामने रखी गईं कई मांगें
टिकैत किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह यादव ने बताया, किसान दिवस को लेकर आज डीएम और जिले के अफसरों के साथ बैठक की गई, जिसमें जंगल से सटे इलाको में तार फेंसिंग एवं जर्जर पुलिया के टूटने से कई इलाकों में मुख्यालय से सम्पर्क में आ रही दिक्कत का समाधान करने के लिए कहा गया है.
‘वाशिंगटन से चल रही भारत की सरकार’
उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को भारत के किसानों का डेथ वारंट बताया है. उन्होंने कहा कि, हमारे देश के किसान को ट्रैक्टर के टायर से लेकर दवाओं और खाद में 18 % gst देना पड़ रहा है. अमेरिका से किसान को लेकर कोई टैक्स नहीं, भारत देश की सरकार वाशिंगटन से चल रही है. भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों की मौत का सौदा है. हमारे देश का किसान अमेरिका के सामने नही टिक सकता, वहां के किसान बड़े किसान है. आबादी वहां की 34 करोड़ और क्षेत्रफल भारत से ज्यादा है, हमारे देश मे किसानों को बेचा गया.
उन्होने मांग है कि सरकार इस डील को वापस करे, वरना हम लोग दिल्ली की तरह फिर से धरना प्रदर्शन देकर इस डील को कैंसिल कराने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की रोटी को उद्योगपतियो के तिजोरी में कैद कर दिया है. उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री की ऐसी कौन सी कमजोरी है, जो इस ट्रेड डील को साइन कर लिया.



