MP: कलेक्टर कार्यालय में दंडवत होकर युवक ने लगाई गुहार, जमीन पर कब्जा करने का मामला

डिंडौरी जिला के चटुवा गांव से एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है. जमीन विवाद से त्रस्त एक ग्रामीण मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए दंडवत होकर अपनी गुहार लगाई. युवक ने कई बार प्रशासन से न्याय कि मांग की, जब प्रशासन ने कोई भी कार्रवाई नहीं की तब युवक ने ये कदम उठाया.
चटुवा गांव के युवक उमेश्वर का आरोप है कि पिछले चार वर्षों से उसका अपने चाचा के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. उसका कहना है कि चाचा ने कथित रूप से फर्जी तरीके से उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है. मामला कोर्ट और तहसील कार्यालय में लंबित होने के बावजूद सीमांकन की कार्रवाई में देरी हो रही है. युवक का आरोप है कि तहसील कार्यालय के कर्मचारी बार-बार उसे चक्कर लगवा रहे हैं और सीमांकन में टालमटोल कर रहे हैं.
आर्थिक तंगी से परेशान
आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह लगातार हो रही देरी से परेशान है. उसने पहले भी जनसुनवाई में कई बार शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया. अंततः विरोध दर्ज कराने के लिए वह कलेक्टर की जनसुनवाई में दंडवत होकर पहुंचा. ग्रामीण ने अपनी समस्या से जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी को अवगत कराया.
प्रशासन ने दिया आश्वासन
मौके पर मौजूद जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी और राजस्व अधिकारियों ने तत्काल मामले में उचित कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया. युवक की मांग है कि जमीन का निष्पक्ष सीमांकन कराया जाए और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए. प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
इस घटना के बाद प्रशासनिक जवाबदेही और जनसुनवाई व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं. अब देखना होगा कि आश्वासन कब तक जमीन पर न्याय में बदलता है और पीड़ित को कब इंसाफ मिलता है.



