Azamgarh News: भदुली पुल से कलान चौक मार्ग के निर्माण की मांग सदन में गूंजी


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़, 18 फरवरी 2026 को
समाजवादी पार्टी के एमएलसी एवं पूर्व विधायक मुबारकपुर शाह आलम गुड्डू जमाली ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नियम–111 के अंतर्गत सूचना देते हुए जनपद आजमगढ़ की जर्जर सड़क के निर्माण का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया।
उन्होंने प्रमुख सचिव, विधान परिषद को संबोधित करते हुए सदन का ध्यान भदुली पुल से निजामाबाद तथा मिर्जापुर ब्लॉक से फूलपुर, पर्वई माहुल होते हुए कलान चौक तक जाने वाले मार्ग के नव निर्माण एवं डामरीकरण की ओर आकृष्ट कराया। एमएलसी ने बताया कि उक्त सड़क लंबे समय से अत्यंत खराब एवं कच्ची अवस्था में है, जहां बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भयावह हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसान अपने कृषि उपकरण और फसल का परिवहन भी सुचारु रूप से नहीं कर पा रहे हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
एमएलसी ने यह भी बताया कि स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अंत में उन्होंने जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर सदन के माध्यम से उक्त सड़क का शीघ्र डामरीकरण एवं नव निर्माण कराए जाने संबंधी वक्तव्य देने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।



