राज ठाकरे की एकनाथ शिंदे से मुलाकात पर उद्धव गुट की पहली प्रतिक्रिया, ‘इसे इतना बड़ा…’

एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे की डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से उनके आवास पर मुलाकात हुई, जिसके बाद ये चर्चा का विषय बन गई. इस पर उद्धव ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे और राज ठाकरे के बीच मुलाकात हुई. इसे इतना बड़ा मुद्दा बनाने की कोई जरूरत नहीं है. भले ही एकनाथ शिंदे विरोधी पार्टी के नेता हैं, लेकिन वे राज्य के उपमुख्यमंत्री हैं. इसी तरह, राज ठाकरे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख हैं. इसलिए, राज ठाकरे को किससे मिलना चाहिए या नहीं मिलना चाहिए, इस पर हम कोई टिप्पणी नहीं कर सकते.
BMC चुनाव के बाद राज ठाकरे और शिंदे की पहली मुलाकात
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार (18 फरवरी) को मुंबई में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की है. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी. शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक पदाधिकारी ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई.
राज ठाकरे की पार्टी के स्थानीय नेताओं ने कल्याण-डोंबिवली मेयर चुनाव में शिंदे गुट का समर्थन किया था. इस फैसले से महाराष्ट्र में नई सियासी तस्वीर उभकर सामने आई. उद्धव और राज ठाकरे के साथ आने के बाद MNS के स्थानीय नेताओं के फैसले ने सभी को चौंका कर रख दिया.
BMC में नहीं चला ठाकरे ब्रदर्स का जादू
पिछले महीने बीएमसी के चुनाव में ठाकरे परिवार के चचेरे भाई राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे करीब दो दशक बाद एक मंच पर नजर आए थे, लेकिन नतीजों से उनकी उम्मीदों को झटका लगा. बीएमसी की सत्ता पर लंबे समय से कायम ठाकरे परिवार के नेतृत्व वाली अविभाजित शिवसेना का लगभग तीन दशक पुराना वर्चस्व इस बार समाप्त हो गया और भारतीय जनता पार्टी ने बीएमसी पर कब्जा कर लिया.



