आनंद शर्मा या प्रतिभा सिंह, हिमाचल प्रदेश से कौन जाएगा राज्यसभा? एक सीट पर BJP उतारेगी प्रत्याशी!

भारत निर्वाचन आयोग ने 2026 के लिए राज्यसभा चुनाव का एलान कर दिया है. इसमें हिमाचल प्रदेश की एक सीट पर भी चुनाव होगा. 26 फरवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी. पांच मार्च तक नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. छह मार्च को नामांकन की छंटनी होगी. जबकि नौ मार्च तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. 16 मार्च को वोट डाले जाएंगे. मतदान का समय सुबह नौ से चार बजे तक तय किया गया है. इसी दिन शाम पांच मतगणना होगी. 20 मार्च से पहले पूरी प्रक्रिया खत्म हो जाएगी.
हिमाचल प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों में इंदु गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म हो रहा है. अभी तीनों ही सीटें BJP की झोली में हैं. अभी इंदु गोस्वामी, सिकन्दर कुमार और हर्ष महाजन राज्यसभा से सांसद है. साल 2024 की तरह इस बार भी कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर न हो, इसको लेकर हालांकि कांग्रेस पार्टी चौकन्नी है, लेकिन सियासत में कब बाजी पलट जाए कुछ कह नहीं सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश में इस बार क्या करेगी कांग्रेस?
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव हुआ था. कांग्रेस विधायकों की ओर से क्रॉस वोटिंग करने से कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को हार का सामना करना पड़ा था. BJP प्रत्याशी हर्ष महाजन राज्यसभा का चुनाव जीत गए थे.
क्रॉस वोटिंग और बगावत के चलते कांग्रेस के 6 विधायकों की सदस्यता चली गई थी. इसके अलावा तीन निर्दलीय विधायकों ने BJP का दामन थाम लिया था, उनकी भी सदस्यता रद हो गई थी. इसके बाद उपचुनाव हुए थे. वर्तमान में प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 40 और BJP के 28 विधायक हैं. लेकिन पिछली बार की सियासी उठापटक सभी के जहन में हैं, अब देखना है कि इस बार BJP अपना उम्मीदवार खड़ा करती है या नहीं?
उधर, कांग्रेस पार्टी में राज्यसभा के चाहने वालों की लंबी फेरहिस्त है. होली लॉज गुट अभी से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष रही प्रतिभा सिंह को राज्यसभा भेजने के मूड में है, जबकि मुख्यमंत्री फिर से ‘होली लॉज गुट’ को हिमाचल की सत्ता का केंद्र नहीं बनाना चाहेंगे. आनंद शर्मा भी एक बड़ा चेहरा है जो कांग्रेस की तरफ से राज्यसभा सीट की दौड़ में है, लेकिन आलाकमान से उनके खराब रिश्ते उनकी राह में रोड़े अटका सकते हैं.



