PAK vs NAM: बारिश से रद्द हुआ मैच तो टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगा पाकिस्तान, नामीबिया के कितने हैं चांस; जानें सुपर-8 का समीकरण

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 35वां मैच आज पाकिस्तान और नामीबिया के बीच है, जिसके नतीजे से फैसला होगा कि सुपर-8 में जाने वाली आखिरी टीम कौन सी होगी. पाकिस्तान के लिए ये करो या मरो वाला मैच है, क्योंकि अगर सलमान अली आगा की कप्तानी वाली ये टीम हारी तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. लेकिन सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर होने वाले इस मैच में बारिश के आसार बने हुए हैं. जानिए अगर बारिश में मैच धुला तो कौन सी टीम सुपर-8 में क्वालीफाई करेगी.
अगर नामीबिया ने उलटफेर करते हुए आज के मैच में जीत दर्ज कर ली तो फिर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो जाएगा. भारत के साथ अमेरिका सुपर-8 में क्वालीफाई करेगा, जिसके 4 मैचों के बाद 4 अंक हैं. पाकिस्तान के भी इतने ही अंक हैं, लेकिन नेट रन अमेरिका का बेहतर है.
अगर पाकिस्तान बनाम नामीबिया मैच रद्द हुआ तो?
ग्रुप ए से टीम इंडिया सुपर-8 में क्वालीफाई कर चुकी है. शुरूआती 3 मैच जीतने के बाद भारत के 6 अंक हैं, टीम अंक तालिका में पहले नंबर पर है. तालिका में अभी अमेरिका की टीम 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. अमेरिका ने 4 में से 2 मैच जीते हैं और 2 हारे हैं. टीम का नेट रन रेट (+0.788) पाकिस्तान से बेहतर है. पाकिस्तान के भी 4 अंक हैं, उनका नेट रन रेट -0.403 का है.
लेकिन अगर पाकिस्तान बनाम नामीबिया मैच बारिश से रद्द हुआ तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिल जाएंगे. ऐसे में नेट रन रेट कोई मैटर नहीं करेगा और पाकिस्तान 5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर चली जाएगी. यानी ग्रुप ए से सुपर-8 में भारत के साथ पाकिस्तान क्वालीफाई करेगी.
7 टीमें कंफर्म
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के लिए अभी तक 7 टीमें अपना स्थान कंफर्म कर चुकी हैं. आज 3 बजे से खेले जा रहे पाकिस्तान बनाम नामीबिया मैच के बाद अंतिम टीम का भी पता चल जाएगा. भारत, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया है.



